JKSSB परीक्षा नकल मामले में 6 और गिरफ्तार, 6 सरकारी कर्मचारियों समेत कुल 20 आरोपी हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा हाल ही में आयोजित वित्त लेखा सहायक (एफएए) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 20 हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नकल का मामला एक विशेष परीक्षा केंद्र तक सीमित था और यह प्रश्नपत्र लीक होने का मामला नहीं है।

इसने कहा कि आरोपियों में गिरोह के मुख्य सरगना समेत छह सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि प्रश्नपत्र कथित तौर पर परीक्षा केंद्र से बाहर ले जाया गया, उसकी तस्वीरें खींची गईं और टेलीग्राम के जरिए चुनिंदा अभ्यर्थियों के बीच प्रसारित की गईं। जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगिंदर सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जांच में 1.80 लाख रुपये के लेनदेन का भी पता चला है, जिसमें से 1.40 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस ने 15 नवंबर को जम्मू में एफएए परीक्षा से पहले 14 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ था, जो परीक्षा केंद्रों के भीतर इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के जरिए चुनिंदा अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचाने की योजना बना रहा था। खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कई वायरलेस रेडियो सेट जब्त किए गए थे।

इस मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई थीं और कथित साजिश की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच के दौरान कथित मुख्य सरगना की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ में अभ्यर्थियों, सरकारी कर्मचारियों और अन्य बिचौलियों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक गिरफ्तार किए गए 20 लोगों में छह सरकारी कर्मचारी हैं।

उनके विवरण संबंधित विभागों को विभागीय कार्रवाई के लिए भेज दिए गए हैं। साथ ही, उनकी कथित भूमिका के आधार पर आपराधिक कार्रवाई भी की जा रही है।’’ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से कोई भी जेकेएसएसबी का सदस्य नहीं है।

प्रमुख खबरें

भारत की भाषाई विविधता पर फिदा हुए Vladimir Putin, पीएम मोदी से बातचीत का किस्सा सुनाया

Brent Crude की कीमतों में उछाल से भारत का Oil Import Bill 60 फीसदी बढ़ा

Gujarat के Vapi में पुलिस हिरासत से भाग रहे रंगदारी आरोपी जोगराज सिंह पर फायरिंग

Environment Ministry ने बढ़ाई सीमा, 500 हेक्टेयर तक के Non Coal Mining को राज्य स्तर पर मंजूरी