By नीरज कुमार दुबे | Jun 18, 2024
जम्मू-कश्मीर में दूरदराज के क्षेत्रों में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए मोदी सरकार और स्थानीय प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ा हुआ है जिससे आने वाले समय में जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हम आपको बता दें कि इस समय नियंत्रण रेखा से सटे गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सीमाई क्षेत्रों के लोगों को दो-तीन किलोमीटर जाकर पानी नहीं लाना पड़े इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैदी से परियोजना को पूरा करने में लगा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में हर घर नल से जल अभियान को पूरा करने के लिए जिस तरह अधिकारी सक्रिय हैं वह देखते ही बन रहा है।