Hardik Pandya की वापसी से सुलझेगी No 7 और 8 की गुत्थी, Shubman Gill का बयान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 03, 2026

हार्दिक पंड्या के चोट के कारण लंबे समय तक टीम से बाहर रहने से भारत की वनडे टीम का संतुलन बिगड़ गया है और कप्तान शुभमन गिल का मानना ​​है कि इस ऑलराउंडर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने पर टीम के सातवें और आठवें नंबर के बल्लेबाज की गुत्थी सुलझ जाएगी। गिल ने कहा कि पंड्या बेजोड़ कौशल के धनी हैं और वह खेल के किसी भी चरण में अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं।

गिल ने कहा, ‘‘वह (पंड्या) शानदार खिलाड़ी हैं। उनके जैसा कौशल बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलता है। एक ऐसा ऑलराउंडर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है जो खेल के प्रत्येक चरण में गेंदबाजी कर सकता है और बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दे सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह आईपीएल के बाद से खेल नहीं पाए हैं।’’ गिल ने कहा कि वह इस 32 वर्षीय खिलाड़ी के संपर्क में हैं और उम्मीद है कि वह भारतीय टीम में वापसी से पहले कुछ घरेलू मैच खेलेंगे।

 उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कई बार बातचीत हुई है। उन्हें भारत ए की तरफ से कुछ मैच खेलने थे लेकिन उससे ठीक पहले वह चोटिल हो गए। उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होकर घरेलू क्रिकेट में कुछ मैच खेलेंगे और फिर टीम में वापसी करेंगे।’’ गिल का मानना ​​है कि भारत अगर न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ वनडे श्रृंखला जीतता है तो इससे अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि कोई भी भारतीय टीम किसी भी अन्य टीम को हराने में सक्षम है।

 अगर युवा खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें काफी आत्मविश्वास हासिल होगा।’’ गिल ने कहा, ‘‘इससे हमें यह आत्मविश्वास भी मिलेगा कि अगर किसी कारण से हम विश्व कप में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम नहीं उतर पाते हैं तो भी हमारी टीम किसी भी परिस्थिति में अन्य टीम को हराने में सक्षम है।’’ उन्होंने कहा कि पांचवें और छठे नंबर के बल्लेबाजी के स्थान हमेशा थोड़ा लचीले होने चाहिए और टीम की जरूरत के अनुसार बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया जा सकता है। गिल ने कहा, ‘पांचवें और छठे नंबर पर किस बल्लेबाज को उतारा जाए इसको लेकर हम लचीला रवैया अपनाते हैं। अगर आप हमारे शीर्ष चार बल्लेबाजों को देखें तो वे लगभग तय हैं। हम सभी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। 

अगर हमें लगता है कि हमें पांचवें नंबर पर बाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत है, तो हम अक्षर पटेल को बल्लेबाजी के लिए भेजते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमें लगता है कि मंच तैयार हो चुका है और केएल राहुल को तेजी से बल्लेबाजी करने की जरूरत है तो हम उसी के अनुसार फैसला करते हैं।’’ ईडन पार्क एक ऐसा मैदान है जहां बाउंड्री काफी छोटी है। 

इससे यहां पहली बार खेलने वाले बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को हैरानी हो सकती है। गिल ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए निश्चित रूप से लुभावना है, क्योंकि सीधी बाउंड्री केवल 50-55 मीटर की है। यह बात हमारे दिमाग में जरूर रहेगी। हम जिन परिस्थितियों में खेल रहे हैं वह अन्य देशों की तुलना में दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों से कहीं अधिक मिलती-जुलती हैं।’’

प्रमुख खबरें

Rajasthan Panchayat Election के तीसरे चरण में दोपहर एक बजे तक 36.76 फीसदी वोटिंग

Diwali पर आए मेहमानों को चाय के साथ परोसें लौकी के छिलके से बने क्रिस्पी कबाब, नोट करें रेसिपी

Vitamin E Capsule और Petroleum Jelly से बनाएं खास Hand Cream, स्किन रहेगी मुलायम

India vs New Zealand ODI: अनुभवहीन गेंदबाजी के साथ उतरेगी भारतीय टीम, नजरें Rohit और Kohli पर