By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हार्दिक पटेल ने एक पाटीदार नेता के इस दावे को मंगलवार को खारिज कर दिया कि समुदाय के आरक्षण आंदोलन के कारण 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने इस्तीफा दिया था। हार्दिक ने हालांकि कहा कि उन्हें इस आंदोलन को लेकर कोई पछतावा नहीं है। आनंदीबेन पटेल वर्तमान में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल हैं।
हार्दिक पटेल ने 2015 में पाटीदार समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन की अगुवाई की थी। इस दौरान हिंसा भड़क गई थी और गुजरात के विभिन्न हिस्सों में 14 लोगों की मौत हो गई थी। भाजपा नेता आनंदीबेन पटेल ने अगस्त 2016 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
उस समय पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के संयोजक रहे हार्दिक पटेल 2020 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने बाद में कांग्रेस छोड़ दी और 2022 में भाजपा में शामिल हो गए। वह वर्तमान में अहमदाबाद जिले की वीरमगाम विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं।
राजकोट के जसदण में हाल ही में पाटीदार समुदाय की एक सभा के दौरान दिनेश बंभानिया ने आनंदीबेन पटेल के मुख्यमंत्री पद से हटने में समुदाय की भूमिका पर अफसोस जताया था। उन्होंने इसे समुदाय के लिए नुकसान बताया था। बंभानिया ने कहा था, “पाटीदार आंदोलन से हमें कई फायदे मिले लेकिन हमें अब भी आनंदीबेन पटेल जैसी अच्छी मुख्यमंत्री को खोने का अफसोस है।
हमें इस बात का दुख है कि हम उनके पद से हटने की वजह बने।” उन्होंने समुदाय के लोगों से भविष्य में इस तरह के नुकसान से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील भी की थी। हार्दिक पटेल ने उनकी इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को कहा कि 12 साल पहले शुरू हुए आंदोलन के कारण किसी को भी इस्तीफा देने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य पाटीदार समुदाय और सामान्य वर्ग के अन्य समूहों को लाभ दिलाना था।
हार्दिक ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, आंदोलन के कारण किसी को इस्तीफा नहीं देना पड़ा था। कई युवाओं के बलिदान और संघर्ष के कारण ही गुजरात में सामान्य वर्ग के कई समुदायों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी में 10 प्रतिशत आरक्षण और गुजरात राज्य अनारक्षित वर्ग आयोग के गठन जैसे लाभ मिले।” भाजपा नेता ने जोर देकर कहा कि आंदोलन का उद्देश्य कभी किसी को पद से हटाना या किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं था। उन्होंने कहा, “यह आंदोलन समुदाय के कल्याण और उसकी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए था।
सभी जानते हैं कि आज समुदाय के युवाओं को 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण से कितना लाभ मिल रहा है।” हार्दिक पटेल ने कहा कि बंभानिया की टिप्पणी उनकी निजी राय हो सकती है। उन्होंने कहा कि पाटीदार आरक्षण आंदोलन किसी एक व्यक्ति की पहल नहीं बल्कि समुदाय के नेतृत्व में चलाया गया आंदोलन था।