By नीरज कुमार दुबे | Nov 17, 2026
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर शुरू हुई सियासत ने चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। सवाल उठ रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर के बाद क्या अब मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि भाजपा का सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनने जा रही है? सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इस मुद्दे के जरिए भाजपा अखिलेश यादव को ऐसे राजनीतिक चक्रव्यूह में फंसाना चाहती है, जिससे निकलना उनके लिए आसान नहीं होगा? हम आपको याद दिला दें कि अखिलेश यादव खुद भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था जताते हुए एक बार कह चुके हैं कि भगवान श्रीकृष्ण उनके सपने में आए थे और उन्होंने बताया था कि अखिलेश की सरकार बनने वाली है। इसलिए अब जब भाजपा श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का सवाल उठा रही है, तो अखिलेश के सामने चुनौती है कि वह इस मुद्दे पर अपना रुख क्या रखते हैं। देखना होगा कि कृष्ण के नाम पर राजनीति करने वाले अखिलेश जन्मभूमि के मुद्दे पर भाजपा के साथ खड़े होते हैं या फिर उनकी चुप्पी को भाजपा चुनावी हथियार बनाती है?
हम आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में तेजी से बिछती चुनावी बिसात के बीच भाजपा ने मथुरा से ऐसा सियासी संदेश देने की कोशिश की है, जिसकी गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुनाई दे रही है। भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर के लिए मथुरा को चुनना महज एक आयोजन स्थल का चयन नहीं था। यह एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा दिखाई देता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने साफ कर दिया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दों में शामिल होगा।
इसे भी पढ़ें: ऐसा क्या हुआ जो योगी को अपने हस्ताक्षर वाला पत्र जारी करके कहना पड़ा, 'खबर फर्जी है'
केशव प्रसाद मौर्य ने तो अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए यहां तक कह दिया कि अगर वह भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे भक्त हैं तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि की कारसेवा में शामिल हों, भाजपा उन्हें अपने साथ लेकर चलेगी। यह बयान केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सीधे-सीधे अखिलेश यादव की राजनीतिक विश्वसनीयता को चुनौती देने वाला है। भाजपा ने सवाल खड़ा कर दिया है और अब अखिलेश को उसका जवाब देना होगा।
वैसे इस सवाल का जवाब उत्तर प्रदेश के जातीय और धार्मिक समीकरणों में छिपा है। भाजपा जानती है कि श्रीकृष्ण केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश के एक बड़े सामाजिक वर्ग की सांस्कृतिक पहचान भी हैं। यादव समुदाय भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मानता है और अपनी परंपरा को यदुवंश से जोड़ता है। समाजवादी पार्टी की राजनीति का सबसे मजबूत आधार भी यही यादव मतदाता रहे हैं। ऐसे में भाजपा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को उठाकर एक तीर से दो निशाने साधना चाहती है।
एक तो भाजपा चाहती है कि हिंदू मतदाताओं के बीच धार्मिक पहचान के आधार पर व्यापक लामबंदी हो। दूसरा, भाजपा का लक्ष्य समाजवादी पार्टी के सबसे मजबूत सामाजिक आधार यानी यादव मतदाताओं के बीच यह सवाल खड़ा करना है कि जब भगवान श्रीकृष्ण उनके आराध्य हैं तो उनके नाम और जन्मभूमि से जुड़े आंदोलन पर अखिलेश यादव का स्पष्ट रुख क्या है?
देखा जाये तो भाजपा की रणनीति का असली खेल यहीं से शुरू होता है। वह चाहती है कि चुनाव की बहस केवल जातीय जनगणना, पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक यानी PDA और सामाजिक न्याय तक सीमित न रहे, बल्कि हिंदू पहचान और धार्मिक विरासत का सवाल भी चुनाव के केंद्र में आ जाए। अगर ऐसा होता है तो भाजपा को गैर-यादव पिछड़ी जातियों, सवर्णों और हिंदू मतदाताओं के व्यापक ध्रुवीकरण का अवसर मिल सकता है।
दूसरी ओर, अखिलेश यादव पिछले कुछ समय से अपनी राजनीति में धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं। PDA रथयात्रा को महाभारत के युद्ध से जोड़ना, खुद को कृष्ण की परंपरा से जोड़ना और सुदामा-कृष्ण की मित्रता के जरिए ब्राह्मण-यादव समीकरण साधने की कोशिश इसी रणनीति का हिस्सा है। वह यह संदेश देना चाहते हैं कि समाजवादी राजनीति और सनातन परंपरा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं।
लेकिन भाजपा ने इसी रणनीति की कमजोर नस पकड़ ली है। अगर अखिलेश श्रीकृष्ण का नाम लेते हैं तो भाजपा उनसे श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर समर्थन मांगेगी। अगर वह मंदिर निर्माण के आंदोलन के साथ खुलकर खड़े होते हैं तो उनकी PDA राजनीति और मुस्लिम मतदाताओं के बीच बनाए गए पारंपरिक समीकरण पर सवाल खड़े हो सकते हैं। और अगर वह इस मुद्दे से दूरी बनाते हैं तो भाजपा उन्हें हिंदू आस्था के सवाल पर घेरने का पूरा मौका हासिल कर लेगी। यानी अखिलेश के सामने भाजपा ने ऐसा सवाल रख दिया है, जिसका कोई भी जवाब उनके लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है।
देखा जाये तो अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद भाजपा के सामने एक स्वाभाविक राजनीतिक सवाल था कि अब हिंदुत्व की चुनावी राजनीति का अगला बड़ा प्रतीक क्या होगा? काशी विश्वनाथ धाम के बाद मथुरा का मुद्दा इसी राजनीतिक क्रम में सामने आता है। भाजपा लंबे समय से श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करती रही है। अब 2027 के चुनाव से पहले इसे फिर से आक्रामक तरीके से उठाना बताता है कि पार्टी इस मुद्दे को चुनावी विमर्श के केंद्र में लाना चाहती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना और गोकुल की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान का प्रभाव आसपास के इलाकों तक फैला हुआ है। भाजपा इस धार्मिक भूगोल को राजनीतिक भूगोल में बदलने की कोशिश कर सकती है। इस पूरी लड़ाई में अखिलेश यादव की मुश्किल यह है कि भाजपा उन्हें केवल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के रूप में नहीं, बल्कि श्रीकृष्ण के नाम पर राजनीति करने वाले नेता के रूप में जवाब देने के लिए मजबूर करना चाहती है।
इस तरह, मथुरा में अब सवाल यह है कि 2027 के चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि किसकी राजनीतिक ताकत बनेगी और किसके लिए मुश्किलों का सबब? सवाल यह भी है कि क्या भाजपा श्रीकृष्ण के सहारे हिंदू मतों का नया समीकरण तैयार कर पाएगी? क्या यादव मतदाताओं के बीच अखिलेश की एकाधिकार वाली राजनीतिक पकड़ को चुनौती मिलेगी? और क्या PDA की सियासत करने वाले अखिलेश को भाजपा उसी महाभारत में उलझा देगी, जिसमें श्रीकृष्ण का नाम लेकर वह खुद अपनी राजनीतिक रणनीति आगे बढ़ाना चाहते हैं?
बहरहाल, उत्तर प्रदेश की चुनावी बिसात पर भाजपा ने मथुरा से शंखनाद कर दिया है। अब देखना यह है कि अखिलेश यादव इस सियासी चक्रव्यूह में अभिमन्यु बनते हैं या कोई नया दांव चलते हैं।
-नीरज कुमार दुबे