By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026
हरदोई, छह नवंबर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गुरुग्राम से लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित बच गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि बिलग्राम क्षेत्र के जफरपुर पुलिया के पास एक कार नहर में गिर गई है और उसमें सवार लोग डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार सभी लोगों को नहर से बाहर निकलवाया।
कार में हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव निवासी आदित्य सिंह (28), रमेश (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और उनका तीन माह का बच्चा सवार थे। ये सभी चांद बेहटा में रह रहे थे और गुरुग्राम से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर मोड़ के पास जफरपुर पुलिया पर कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में आदित्य सिंह सुरक्षित बच गए, जबकि रमेश, नीलम और उनके तीन माह के बच्चे को एंबुलेंस से कन्नौज जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कन्नौज पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलग्राम के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामसूरत सोनकर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को नहर से बाहर निकलवाया गया।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।