Manipur Police ने शुरू की हत्याओं की जांच, सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमें तैनात

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

इंफाल, छह नवंबर मणिपुर पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि हाल में नागरिकों की हत्या की घटनाओं की गहन जांच की जा रही है और इनमें शामिल आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का यह बयान कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव के आसपास से पिछले सप्ताह लापता हुए दो युवकों के क्षत-विक्षत शव रविवार को पड़ोसी सेनापति जिले के पहाड़ी इलाके में मिलने के कुछ दिन बाद आया है। लापता युवकों की तलाश के लिए चलाए गए अभियान के दौरान केले के एक बागान में बोरियों में भरे मिले शवों की पहचान टी. चोंगलोई (21) और पाओगिनलाल हांगसिंग (20) के रूप में हुई।

पुलिस ने एक बयान में बताया, “नागरिकों को निशाना बनाकर की गई आगजनी और हत्या की हालिया घटनाओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही, गवाहों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।” पुलिस ने बताया, “इसके अलावा, पुलिस, कोबरा, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), असम राइफल्स और सेना की संयुक्त टीमें प्रभावित इलाकों में खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चला रही हैं, ताकि कानून के अनुसार कार्रवाई कर ऐसे जघन्य अपराधों को अंजाम देने वालों को सजा दिलाई जा सके।” बयान के अनुसार, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के साथ समन्वय कर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस व सभी सुरक्षा बल इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और कानून को हाथ में नहीं लेने की अपील की।

प्रमुख खबरें

श्रावस्ती में जाली नोट छापने वाले गिरोह के तीन सदस्य अरेस्ट, 1.74 लाख की Fake Currency बरामद

Delhi SIR: मतदाता सूची से छूटे 47.56 लाख लोगों के लिए Election Commission बनाएगा नए प्रपत्र

IPL 2027 Mini Auction से पहले Rajasthan Royals और LSG में होगी बड़ी ट्रेड डील

धनतेरस पर Maruti Suzuki ने 30 हजार से अधिक गाड़ियां सौंपी, ऑटो सेक्टर में लौटी बंपर खरीदारी