Haryana में ग्रामीण चौकीदारों को CM Nayab Saini का तोहफा, मानदेय बढ़कर हुआ 15221 रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

(फाइल फोटो के साथ) चंडीगढ़, छह नवंबर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवाली से पहले ग्रामीण चौकीदारों के मासिक मानदेय को 11,000 रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मानदेय में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए बताया कि 2014 में ग्रामीण चौकीदारों को हर महीने केवल 3,500 रुपये का मानदेय मिलता था, जो अब चार गुना से भी ज्यादा बढ़ गया है। सैनी पंचकूला में आयोजित राज्य-स्तरीय ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे।

इस मौके पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्ढा और हरियाणा लोक उद्यम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत कई लोग मौजूद थे। इस अवसर पर, सैनी ने राज्य के लोगों को धनतेरस और दिवाली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सैनी ने ग्रामीण चौकीदारों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

इनमें वार्षिक वर्दी भत्ते को 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करना; लाठी, टॉर्च, सीटी और छाते जैसे जरूरी सामान के लिए वार्षिक भत्ते को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करना और साइकिल भत्ते को 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करना शामिल है। ग्रामीण चौकीदारों के कल्याण के लिए एक और अहम फैसले में, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार, उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उसी तरह दी जाएगी, जैसी जल आपूर्ति और स्वच्छता कर्मचारियों को मिलती है।

इस योजना के तहत, ग्रामीण चौकीदारों और उनके परिवारों को बीमारी की स्थिति में इलाज की सुविधा मिलेगी। दुर्घटना या विकलांगता की स्थिति में भी उन्हें लाभ दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हर ग्रामीण चौकीदार को हरियाणा श्रम कल्याण कोष के दायरे में भी लाया जाएगा।

इससे उन्हें अपने बच्चों की शिक्षा और शादी, तथा परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता मिल सकेगी। सैनी ने घोषणा की कि ये सभी लाभ तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Chennai Open में Vaishnavi Adkar को मिली हार Maya और Shrivalli Quarter Final में पहुंचीं

न्यूजीलैंड दौरे के लिए Indian Football Team घोषित, बाहर हुए Gurpreet Singh Sandhu

श्रावस्ती में जाली नोट छापने वाले गिरोह के तीन सदस्य अरेस्ट, 1.74 लाख की Fake Currency बरामद

Delhi SIR: मतदाता सूची से छूटे 47.56 लाख लोगों के लिए Election Commission बनाएगा नए प्रपत्र