हरियाली तीज पूजन विधि, पर्व मनाते समय इन बातों का रखें खास ध्यान

By शुभा दुबे | Aug 13, 2018

महिलाएं चाहे किसी भी उम्र की हों सभी को श्रावणी तीज का इंतजार बेसब्री से रहता है क्योंकि इस पर्व के दौरान उनका जीवन एक बार फिर उमंगों से भर जाता है। इस पर्व पर नारियों के समूहों को झूलों पर झूलते, तरह-तरह के पकवान बनाते, खिलाते या सामूहिक गीत गाते देखा जा सकता है। उत्तर भारत में इस पर्व की विशेष छटा देखने को मिलती है। राजस्थान और पंजाब में तो यह त्योहार बड़े ही धूमधाम से पारम्परिक अंदाज में मनाया जाता है वहीं दिल्ली तथा एनसीआर में बाजार इस त्योहार पर काफी हद तक हावी हो चुका है।

इस पर्व के आने से पहले ही घर−घर में झूले पड़ जाते हैं। नारियों के समूह गीत गाते हुए झूला झूलते दिखाई देते हैं। इस दिन बेटियों को बढ़िया पकवान, गुजिया, घेवर, फैनी आदि सिंधारा के रूप में भेजा जाता है। इस दिन सुहागिनें बायना छूकर सास को देती हैं। इस तीज पर मेंहदी लगाने का विशेष महत्व है। स्त्रियां हाथों पर मेंहदी से भिन्न−भिन्न प्रकार के बेल बूटे बनाती हैं। स्त्रियां पैरों में आलता भी लगाती हैं जो सुहाग का चिन्ह माना जाता है।

कुंवारी लड़कियां रखती हैं व्रत

यह भारतीय परम्परा में पति पत्नी के प्रेम को और प्रगाढ़ बनाने तथा आपस में श्रद्धा और विश्वास पैदा करने का त्योहार है। इस दिन कुंवारी लड़कियां व्रत रखकर अपने लिए शिव जैसे वर की कामना करती हैं। विवाहित महिलाएं अपने सुहाग को भगवान शिव तथा पार्वती से अक्षुण्ण बनाए रखने की कामना करती हैं। इस तीज पर निम्न बातों को त्यागने का विधान है− पति से छल कपट, झूठ बोलना एवं दुर्व्यवहार, परनिन्दा। कहते हैं कि इस दिन गौरी विरहाग्नि में तपकर शिव से मिली थीं।

राजस्थान में दिखती है अलग छटा

इस दिन राजस्थान में राजपूत लाल रंग के कपड़े पहनते हैं। माता पार्वती की सवारी निकाली जाती है। राजा सूरजमल के शासन काल में इस दिन कुछ पठान कुछ स्त्रियों का अपहरण करके ले गये थे, जिन्हें राजा सूरजमल ने छुड़वाकर अपना बलिदान दिया था। उसी दिन से यहां मल्लयुद्ध का रिवाज शुरू हो गया।

इस पर्व को बुन्देलखंड में हरियाली तीज के नाम से व्रतोत्सव के रूप में मनाते हैं तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसे कजली तीज के रूप में मनाने की परम्परा है। राजस्थान के लोगों के लिए त्यौहार जीवन का सार है खासकर राजधानी जयपुर में इसकी अलग ही छटा देखने को मिलती है। यदि इस दिन वर्षा हो, तो इस पर्व का आनंद और बढ़ जाता है। राजस्थान सहित उत्तर भारत में नवविवाहिता युवतियों को सावन में ससुराल से मायके बुला लेने की परम्परा है। सभी विवाहिताएँ इस दिन विशेष रूप से श्रृंगार करती हैं। सायंकाल सज संवरकर सरोवर के किनारे उत्सव मनाती हैं और कजली गीत गाते हुए झूला झूलती हैं।

बताया जाता है कि जयपुर के राजाओं के समय में पार्वती जी की प्रतिमा, जिसे 'तीज माता' कहते हैं, को एक जुलूस उत्सव में दो दिन तक ले जाया जाता था। उत्सव से पहले प्रतिमा का पुनः रंगरोगन किया जाता है और नए परिधान तथा आभूषण पहनाए जाते हैं इसके बाद प्रतिमा को जुलूस में शामिल होने के लिए लाया जाता है। हजारों लोग इस दौरान माता के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ते हैं। शुभ मुहूर्त में जुलूस निकाला जाता है। सुसज्जित हाथी और बैलगाड़ियां इस जुलूस की शोभा को बढ़ा देते हैं।

सुहागिन महिलाएं ऐसे करें पूजन

सुबह नित्य कर्म से निवृत्त होने के बाद मां गौरी की रेशमी वस्‍त्र और गहने से सजावट करें और खुद से मां की मूर्ति बनाएं जोकि अर्धगोले के आकार की हो। इसे पूजा स्थान पर रखें और पूजन करें। पूजन के समय कथा जरूर सुननी चाहिए। पूरे सोलह श्रृंगार कर आभूषण पहनें और मेहंदी जरूर लगवाएं। इस दिन झूला जरूर झूलें। 

मथुरा में भी रहती है हरियाली तीज की धूम

हरियाली तीज के अवसर पर वृन्दावन के बांके बिहारी सहित अनेक मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं जिससे सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, इसलिए शहर में चार पहिया वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाता है। यही वह दिन होता है जब बांके बिहारी के दर्शन संभव हो पाते हैं।

-शुभा दुबे

प्रमुख खबरें

Chand Mera Dil Release Date: अनन्या पांडे और लक्ष्य की प्रेम कहानी 22 मई को बड़े पर्दे पर, करण जौहर ने साझा किया पहला लुक

Dispur Election: Dispur में BJP को किला बचाने की चुनौती, Congress की वापसी का दांव, समझें पूरा सियासी गणित

स्टेनलेस स्टील सेक्टर में पावर एंट्री! Ranveer Singh बने Jindal Stainless के पहले ब्रांड एंबेसडर

Assam Congress Party: 15 साल सत्ता में रही Congress आज हाशिये पर, जानिए Assam में पार्टी के पतन की पूरी कहानी