Haryana Congress शुरू करेगी वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

हरियाणा कांग्रेस 12 नवंबर से करीब दो सप्ताह तक चलने वाला ‘वोट बचाओ, देश बचाओ-चौपाल अभियान’ शुरू करेगी, जिसका मकसद लोकतंत्र और लोगों के मतदान के अधिकार की सुरक्षा करना और कथित चुनावी हेराफेरी को उजागर करना है। पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने बुधवार को यह जानकारी दी। पार्टी के एक बयान के अनुसार, दत्त और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह इस अभियान के तहत राज्य का दौरा करेंगे।

यह अभियान 24 नवंबर को समाप्त होगा। इस दौरान दोनों नेता चौपालों के माध्यम से लोगों से संवाद करेंगे और जनमत तैयार करने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद लोगों के जनादेश को भाजपा ने चुनावी हेराफेरी और वोट चोरी के जरिये पलट दिया।

पार्टी ने कहा, ‘‘इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियों, दोहरे मतदाताओं, संदिग्ध पतों और मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के बारे में पेश किए गए तथ्यों और खुलासों ने चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।’’ कांग्रेस ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ-चौपाल अभियान’ महज जनसभाओं की एक शृंखला नहीं होगा, बल्कि यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई होगी। पार्टी ने कहा, ‘‘इन चौपालों के माध्यम से कांग्रेस कथित चुनावी अनियमितताओं को उजागर करेगी, मतदाता सूचियों में हेराफेरी के खतरों के प्रति नागरिकों को जागरूक करेगी और प्रत्येक नागरिक के मतदान के बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए राज्यव्यापी आंदोलन खड़ा करेगी।’’ कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की ‘मनमानी और संदेहास्पद’ प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पार्टी के कई नेता इन चौपालों में शामिल होंगे।

प्रमुख खबरें

अंडमान सहकारी बैंक धोखाधड़ी मामले में ED ने 121 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

India UK व्यापार समझौते के बीच Scotch Whisky पर विवाद, Customs ने रोके 40 कंटेनर

Arshdeep Singh ने समरीन कौर से की सगाई, न्यूजीलैंड की हसीन वादियों में घुटनों पर बैठकर पहनाई अंगूठी

KC Venugopal का BJP पर आरोप, परिसीमन के नाम पर दलों को साधने की कोशिश