KC Venugopal का BJP पर आरोप, परिसीमन के नाम पर दलों को साधने की कोशिश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर ‘‘राजनीतिक दलों को फुसलाने का प्रयास’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि यह कदम लोकतंत्र पर हमला है। वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि पिछले 95 दिन से संसद का सत्रावसान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः सत्र समाप्त होने के एक दिन बाद ही राष्ट्रपति की ओर से सदन के सत्रावसान का आदेश जारी कर दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन विधेयक को आगे बढ़ाने से पहले यह देखने का इंतजार कर रही है कि वह द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक), शिवसेना और राकांपा जैसे राजनीतिक दलों को अपने पक्ष में कर सकती है या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘यह किस तरह का लोकतंत्र है?

यह लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के समर्थन से लोगों के वोट को नकारकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। वेणुगोपाल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर बैठा अधिकारी सीधे तौर पर ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ के प्रयासों में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक उन्हें पद से हटा नहीं दिया जाता, हम शांत नहीं बैठेंगे।

जब तक इस देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने वाली व्यवस्था स्थापित नहीं हो जाती, तब तक हम आराम से नहीं बैठेंगे।’’ वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस भाजपा के ‘‘वोट चोरी’’ के जरिए चुनाव जीतने और फिर शासन करने का जनादेश जताने की परिपाटी को खत्म करेगी।

प्रमुख खबरें

Arshdeep Singh ने समरीन कौर से की सगाई, न्यूजीलैंड की हसीन वादियों में घुटनों पर बैठकर पहनाई अंगूठी

Ganesh Shastra: पाश से लेकर चक्र तक गणपति बप्पा के अस्त्र सिखाते हैं आत्मसंयम और धर्म रक्षा के नियम

जमीन के नीचे छिपा है ईरान का खतरनाक शहर! सामने आया मिसाइलों का ऐसा वीडियो, जिसे देख दंग रह गई दुनिया

सुनेत्रा पवार की NCP के 22 विधायक छोड़ सकते हैं पार्टी, Sanjay Raut का दावा