HCL Tech का AI पर बड़ा दांव, स्वदेशी Startup Sarvam AI में किया $234 Million का भारी निवेश।

By Ankit Jaiswal | Jun 15, 2026

भारत की एआई क्षमता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बेंगलुरु स्थित कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी सर्वम एआई ने बड़े निवेश जुटाकर देश के इस क्षेत्र में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। इस निवेश को भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और स्वदेशी एआई विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बता दें कि एचसीएल टेक इस निवेश दौर में 15 करोड़ अमेरिकी डॉलर का रणनीतिक निवेश कर रही है। कंपनी का यह निवेश दौर कुल 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में सर्वम एआई का मूल्यांकन लगभग 11 करोड़ अमेरिकी डॉलर था। उस समय कंपनी ने पीक एक्सवी पार्टनर्स, खोसला वेंचर्स और लाइटस्पीड से निवेश प्राप्त किया था।

यह निवेश ऐसे समय आया है जब भारत में स्वदेशी एआई मॉडल विकसित करने की मांग तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में अमेरिकी कंपनी एंथ्रॉपिक से जुड़े निर्यात प्रतिबंधों के बाद भारत में तकनीकी संप्रभुता और स्वदेशी एआई क्षमता को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में भारतीय कंपनियों का मजबूत होना देश के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

गौरतलब है कि सर्वम एआई उन चुनिंदा भारतीय कंपनियों में शामिल है जो देश में ही मूलभूत एआई मॉडल विकसित कर रही हैं। इसी वर्ष फरवरी में कंपनी ने अपने पहले स्वदेशी मूलभूत मॉडल ‘सर्वम-30बी’ और ‘सर्वम-105बी’ पेश किए थे। इन मॉडलों को 22 भारतीय भाषाओं के समर्थन के साथ तैयार किया गया है, जिससे स्थानीय भाषाओं में तकनीकी समाधान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कंपनी के सह-संस्थापक प्रत्युष कुमार ने कहा कि भारत जैसे विशाल देश के लिए ऐसी एआई विकसित करने का अवसर बहुत बड़ा है, जो लोगों की भाषा को समझ सके, दस्तावेज पढ़ सके और सरकारों तथा उद्योगों को किफायती समाधान उपलब्ध करा सके। उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे समाधान विकसित कर रही है जिनके माध्यम से संस्थान और सरकारी एजेंसियां अपनी स्वयं की संप्रभु एआई प्रणाली संचालित कर सकें।

सर्वम एआई की स्थापना वर्ष 2023 में प्रत्युष कुमार और विवेक राघवन ने की थी। कंपनी का मुख्य फोकस भारतीय भाषाओं, स्थानीय आंकड़ों और देश की जरूरतों के अनुरूप एआई मंच तैयार करना है। कंपनी खुद को भारत-केंद्रित एआई समाधान प्रदाता के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

एचसीएल टेक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार ने कहा कि सर्वम एआई के अनुसंधान और एचसीएल टेक की वैश्विक पहुंच को मिलाकर उद्योगों और सरकारों के लिए सुरक्षित, जिम्मेदार और बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित किए जाएंगे।

मौजूद जानकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2026 में सर्वम एआई ने लगभग 45 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया है। कंपनी के ग्राहकों में एसबीआई लाइफ, भारतीय जीवन बीमा निगम, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, टाटा कैपिटल और क्रेड जैसी संस्थाएं शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस निवेश के बाद सर्वम एआई भारत की एआई रेस में सबसे प्रमुख नामों में शामिल हो सकती है।

प्रमुख खबरें

Global Oil Crisis: होर्मुज संकट से $84 के पार पहुंचा Brent Crude, ईरान-अमेरिका में बढ़ी तकरार

India Neighborhood First policy: बांग्लादेश से लेकर नेपाल तक भारत का बड़ा गेम, पलटा पासा !

Google में बड़ा Leadership बदलाव: Demis Hassabis बने अध्यक्ष, 27 साल बाद Jeff Dean ने छोड़ी कंपनी

पुरानी पेंशन स्कीम लागू होगी या नहीं? सरकार ने संसद में दिया दो टूक जवाब