By अंकित सिंह | Aug 18, 2026
राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के 'विदेशी मूल' पर टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया है। भारी उद्योग और इस्पात मंत्री कुमारस्वामी ने सोमवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की 'वंदे मातरम' गाने के कथित विरोध को लेकर आलोचना की और कहा कि सभी को राष्ट्रीय गीत का सम्मान करना चाहिए। डेक्कन हेराल्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, कुमारस्वामी ने सोमवार को हासन में पत्रकारों से कहा कि सोनिया गांधी से और क्या उम्मीद की जा सकती है? क्या सोनिया गांधी हमारे देश की हैं? वह शादी के बाद हमारे देश आईं। उनकी रगों में इटैलियन खून ही तो दौड़ रहा है, है ना?
मंगलवार को कुमारस्वामी ने पूछा था कि सोनिया गांधी ने क्या त्याग किया है। कुमारस्वामी ने कहा कि उनके पति ने त्याग किया है, हाँ, लेकिन उन्होंने क्या त्याग किया है? उन्होंने इसका (वंदे मातरम का) अनादर किया। वह ज़ाहिर तौर पर भारतीय नहीं हैं, वह इटैलियन हैं। उन्होंने एक भारतीय नागरिक से शादी की। वह इटली से हैं। इसीलिए वह भारतीय भावनाओं का विरोध कर रही हैं। कुमारस्वामी ने याद दिलाया कि कांग्रेस के एक अधिवेशन में 'वंदे मातरम' गाया गया था, जिसमें महात्मा गांधी ने भी हिस्सा लिया था और नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर ने भी इसे गाया था।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।