उच्च न्यायालय केजरीवाल को सरकारी आवास आवंटित करने की याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई करेगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 14, 2025

दिल्ली उच्च न्यायालय 25 अगस्त को आम आदमी पार्टी (आप) की उस याचिका पर विचार करेगा, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय राजधानी में आवास आवंटित करने का अनुरोध किया गया है।

याचिका में कहा गया है कि राजनीतिक दलों को ‘सामान्य पूल’ से आवास आवंटन के दिशानिर्देशों के तहत, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी का अध्यक्ष दिल्ली में एक सरकारी आवास पाने का हकदार है, बशर्ते कि उनके पास न तो कोई मकान हो और न ही उन्हें किसी अन्य आधिकारिक क्षमता में आवास आवंटित किया गया हो।

पार्टी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल मेहरा ने कहा, ‘‘सभी पूर्व शर्तें पूरी हो गई हैं। एक राष्ट्रीय संयोजक है, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है। हम दिल्ली में स्थित आवास आवंटित करने का अनुरोध कर रहे हैं।’’

मेहरा ने अदालत को बताया कि ‘आप’ ने पिछले साल 20 सितंबर को अधिकारियों को पहली बार पत्र लिखा था, उसके बाद एक स्मरण पत्र भी भेजा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि एक पूर्ववर्ती पीठ ने पार्टी कार्यालय के लिए जगह दी थी और वर्तमान अनुरोध आवासीय परिसर के लिए है।

याचिका में कहा गया है कि केजरीवाल ने चार अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित अपना सरकारी आवास खाली कर दिया था। इसके बाद से, वह मंडी हाउस के पास पार्टी के एक सदस्य के सरकारी आवास में रह रहे हैं।

प्रमुख खबरें

कार खरीदने वालों को झटका! Hyundai ने बढ़ाईं कीमतें, अब देना होगा ज्यादा पैसा

Abhijit Dipke Attack | मुझ पर हमले के पीछे आरएसएस के लोग थे, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का आरोप

रिकॉर्ड के मोर्चे पर कौन भारी, कौन कमजोर

Mithun Chakraborty Birthday: मुंबई की सड़कों पर भूखे सोए, पहली Film से ही जीता National Award