ईरान ने कैसे गिराया अमेरिकी विमान? अमेरिका ने कैसे बचाए अपने पायलट? ये रहे सवालों के जवाब

By नीरज कुमार दुबे | Apr 06, 2026

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बेहद साहसिक और जटिल बचाव अभियान ने वैश्विक स्तर पर ध्यान खींचा है। ईरान के भीतर गिराए गए एक अमेरिकी लड़ाकू विमान के दो चालक दल सदस्यों को निकालने के लिए चलाया गया यह अभियान आधुनिक युद्ध रणनीति, गुप्त संचालन और जोखिम भरे फैसलों का अनोखा उदाहरण बन गया है।

इसे भी पढ़ें: अभिनंदन जैसा ईरान से अपना सैनिक छीन लाया अमेरिका, उधर ईरान के विदेश मंत्री ने जयशंकर को फोन घुमाया

यह अभियान केवल एक सामान्य बचाव मिशन नहीं था, बल्कि इसमें खुफिया एजेंसियों, विशेष बलों और अत्याधुनिक तकनीक का समन्वय देखने को मिला। अमेरिकी विशेष बलों ने रात के अंधेरे में ईरान के भीतर गहराई तक प्रवेश किया। लगभग दो हजार एक सौ मीटर ऊंची पहाड़ी पर छिपे घायल अधिकारी तक पहुंचकर उसे सुरक्षित स्थान तक लाया गया।

हालांकि मिशन के बीच में एक बड़ा संकट भी आया। जिन परिवहन विमानों के जरिए लगभग सौ विशेष बलों को इलाके में पहुंचाया गया था, उनमें तकनीकी खराबी आ गई और वे उड़ान भरने में असमर्थ हो गए। इससे सैनिकों के दुश्मन इलाके में फंसने का खतरा पैदा हो गया। ऐसे में कमांडरों ने जोखिम भरा फैसला लेते हुए अतिरिक्त विमानों को भेजने का आदेश दिया। कुछ घंटों की तनावपूर्ण प्रतीक्षा के बाद अंततः सभी सैनिकों को चरणबद्ध तरीके से बाहर निकाल लिया गया। साथ ही इस दौरान अमेरिकी सेना ने अपने दो परिवहन विमानों और चार हेलीकॉप्टरों को खुद ही नष्ट कर दिया ताकि वह ईरान के हाथ न लग सकें। यह फैसला इस मिशन की गंभीरता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

अमेरिकी सैनिकों को दिया जाता है खास प्रशिक्षण

घायल अधिकारी की जीवित रहने की कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। बाहर निकलने के बाद वह पहाड़ों में छिप गया और एक दरार में शरण ली। उसके पास सीमित संसाधन थे, लेकिन विशेष प्रशिक्षण के कारण वह खुद को बचाने में सफल रहा। बाद में उसने सुरक्षित तरीके से अमेरिकी सेना से संपर्क स्थापित किया, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हो सकी और बचाव अभियान आगे बढ़ाया जा सका। हम आपको बता दें कि अमेरिकी पायलटों को दुश्मन के इलाके में फंसने की स्थिति के लिए जो विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, उसे सामान्यतः सेरे प्रशिक्षण कहा जाता है, जिसका अर्थ है सर्वाइवल, एवेजन, रेसिस्टेंस और एस्केप यानी जीवित रहना, दुश्मन से बचना, गिरफ्तारी की स्थिति में प्रतिरोध करना और मौका मिलने पर निकल भागना। इस प्रशिक्षण में पायलटों को अत्यंत कठिन परिस्थितियों में खुद को जिंदा रखने की कला सिखाई जाती है, जैसे पानी ढूंढ़ना और शुद्ध करना, अस्थायी आश्रय बनाना, सीमित संसाधनों में भोजन जुटाना और प्राथमिक उपचार करना। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया जाता है कि दुश्मन की नजर से कैसे बचा जाए, जैसे जमीन के करीब रहना, छिपने के तरीके अपनाना, रात का उपयोग करना और सुरक्षित संचार उपकरणों के जरिए अपने स्थान की जानकारी देना। प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानसिक मजबूती विकसित करना होता है, जिसमें पायलटों को पूछताछ या बंदी बनाए जाने की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत सीमित जानकारी देना, दबाव का सामना करना और दुश्मन के मनोवैज्ञानिक प्रभाव से बचना सिखाया जाता है। इसके अलावा उन्हें भागने की योजना बनाना, रास्तों की पहचान करना और बचाव दल से संपर्क स्थापित करने की रणनीतियां भी सिखाई जाती हैं। कुल मिलाकर यह प्रशिक्षण पायलटों को इस लायक बनाता है कि वह अकेले, घायल या संसाधनहीन होने पर भी दुश्मन के इलाके में लंबे समय तक जीवित रह सकें और सही समय पर सुरक्षित वापस लौटने की संभावना बनाए रखें।

अमेरिका की रणनीति

हम आपको यह भी बता दें कि ईरान की ओर से भी इस दौरान व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया गया था। स्थानीय लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें कोई दुश्मन पायलट दिखे तो उसे पकड़कर अधिकारियों को सौंपें। इनाम की घोषणा भी की गई, जिससे इलाके में खोज और तेज हो गई। लेकिन अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने इस बीच एक भ्रम फैलाने वाली रणनीति अपनाई। ईरान के भीतर यह संदेश फैलाया गया कि लापता अधिकारी को पहले ही ढूंढ़ लिया गया है और उसे कहीं और ले जाया जा रहा है। इसके साथ ही अमेरिकी सेना ने इलेक्ट्रॉनिक संकेतों को बाधित किया और कुछ प्रमुख रास्तों पर हमले किए ताकि कोई भी व्यक्ति उस क्षेत्र तक न पहुंच सके। इस मिशन के दौरान अमेरिकी हेलीकॉप्टरों पर भी हमला हुआ। दो हेलीकॉप्टरों को नुकसान पहुंचा, लेकिन वे किसी तरह सुरक्षित वापस लौटने में सफल रहे।

दूसरी ओर, ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी अभियान को पूरी तरह विफल कर दिया और कई विमानों को मार गिराया। ईरानी मीडिया में जले हुए विमान के मलबे और धुएं की तस्वीरें भी दिखाई गईं। हालांकि अमेरिका का कहना है कि उसने अपने उपकरण खुद नष्ट किए ताकि वे दुश्मन के हाथ न लगें। इस पूरे घटनाक्रम में दोनों देशों के बीच सूचना युद्ध भी साफ दिखाई देता है, जहां हर पक्ष अपनी जीत का दावा कर रहा है। हम आपको यह भी बता दें कि इस संघर्ष में अब तक अमेरिका के तेरह सैनिकों की मौत हो चुकी है और तीन सौ से अधिक घायल हुए हैं, लेकिन किसी भी सैनिक को बंदी नहीं बनाया गया है।

ईरान ने कैसे गिराया अमेरिकी विमान?

जहां तक ईरान द्वारा इस्फहान प्रांत के ऊपर अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराने की बात है तो इस बारे में आपको और जानकारी देते हुए बता दें कि यह हमला किसी एक साधारण हथियार से नहीं, बल्कि उन्नत वायु रक्षा प्रणाली के संयोजन से किया गया हो सकता है। कई रिपोर्टों में संकेत मिला है कि ईरान ने अपने स्वदेशी “थर्ड खोरदाद” नामक मध्यम दूरी के सतह से हवा में मार करने वाले मिसाइल सिस्टम का उपयोग किया, जो पहले भी उन्नत विमानों को निशाना बनाने के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही कुछ खुफिया आकलनों में यह भी कहा गया कि ईरान ने रूसी मूल के कंधे पर रखकर दागे जाने वाले आधुनिक मिसाइल सिस्टम (मैनपैड्स), जैसे वेरबा प्रकार, का इस्तेमाल किया होगा, जो कम ऊंचाई पर उड़ रहे विमानों को आसानी से निशाना बना सकते हैं और पारंपरिक रडार चेतावनी प्रणालियों को चकमा देने में सक्षम होते हैं। इसके अलावा “पैसिव इंफ्रारेड ट्रैकिंग” तकनीक का भी उल्लेख मिलता है, जो बिना रडार सिग्नल छोड़े विमान की गर्मी या गति को ट्रैक करती है, जिससे पायलट को खतरे का अंदाजा देर से होता है।

हम आपको यह भी बता दें कि ऐसी वायु रक्षा तकनीक आज केवल ईरान तक सीमित नहीं है, बल्कि रूस, चीन, अमेरिका, इजराइल, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे कई देशों के पास उन्नत सतह से हवा में मार करने वाले मिसाइल सिस्टम मौजूद हैं। रूस के एस 300 और एस 400, अमेरिका के पैट्रियट सिस्टम, इजराइल के आयरन डोम और डेविड स्लिंग तथा चीन के एचक्यू सीरीज जैसे सिस्टम इसी श्रेणी में आते हैं। इसके अलावा मैनपैड्स तकनीक भी कई देशों के पास है, जिससे छोटे और मोबाइल यूनिट्स भी बड़े लड़ाकू विमानों के लिए खतरा बन जाते हैं। कुल मिलाकर यह घटना दिखाती है कि आधुनिक युद्ध में उन्नत वायु रक्षा प्रणाली और सेंसर आधारित तकनीकें किसी भी अत्याधुनिक लड़ाकू विमान को भी गंभीर खतरे में डाल सकती हैं।

बहरहाल, यह पूरी घटना केवल एक लड़ाकू विमान को मार गिराने या एक पायलट को बचाने की कहानी नहीं है, बल्कि यह आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप की स्पष्ट झलक पेश करती है। एक ओर जहां उन्नत वायु रक्षा प्रणालियां दुनिया की सबसे ताकतवर वायु सेनाओं को चुनौती दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर विशेष प्रशिक्षण, खुफिया रणनीति और त्वरित निर्णय क्षमता जीवन और मृत्यु के बीच फर्क तय कर रहे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच यह टकराव यह भी दिखाता है कि आने वाले समय में युद्ध केवल हथियारों की ताकत से नहीं, बल्कि तकनीक, सूचना और रणनीतिक चतुराई के संतुलन से जीते जाएंगे। ऐसे में यह घटना वैश्विक सैन्य विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन बनकर उभरेगी और यह सवाल भी छोड़ेगी कि क्या भविष्य के युद्ध और भी अधिक जटिल और अप्रत्याशित होने वाले हैं।

-नीरज कुमार दुबे

प्रमुख खबरें

US-Israel Iran War Day 38 Updates: Strait of Hormuz पर Trump की Deadline से पहले बड़ा खेल, हवाई हमले में ईरान के खुफिया प्रमुख की मौत

इस छोटे से डिवाइस ने कैसे पूरे ईरानी सैनिकों को बनाया बेवकूफ? पलक झपकते ही हो गया दुनिया का सबसे हैरतअंगेज रेस्क्यू

Hormuz के खतरनाक रास्ते पर भारत का जलवा, एक और जहाज ने सफलतापूर्वक पूरा किया अपना मिशन

कोरिया से वियतनाम, अफगानिस्तान से ईरान...किसी मोड़ पे हारा, किसी मोड़ पे जीत गया, अमेरिका के युद्धनीति वाले इतिहास का एक और दौड़ बीत गया?