By रितिका कमठान | Jan 17, 2023
उत्तर प्रदेश में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां लखनऊ में एक पति ने पत्नी से परेशान होकर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पति ने पत्नी के ही खिलाफ मानसिक तौर पर उत्पीड़न करने का मामला दर्ज करवाया है। थाने पहुंच कर पति ने बताया कि उसकी पत्नी उससे महंगे गिफ्ट मांगती है। अगर वो पत्नी की मांग पूरी नहीं करता तो मानसिक तौर पर उसे टॉर्चर करती है।
शादी के बाद दोनों लखनऊ के रजनीखंड इलाके में रहने लगे। शादी के बाद दोनों कुछ दिन परिवार के साथ रहे बाद में पत्नी की जिद पर दोनों ने अलग घर ले लिया। इसके बाद पत्नी सोनम ने कई तरह के महंगे गिफ्ट्स पति से मांगने शुरू कर दिए। शुरुआत में पति ने पत्नी की मांगों को पूरा किया मगर पत्नी इन गिफ्ट्स को पाकर खुश नहीं हुआ बल्कि उसने कई महंगे गिफ्ट्स मांगने शुरू कर दिए। पत्नी अब हर दिन कई तरह के गिफ्ट्स मांगती रहती है।
पति जितेंद्र का कहना है कि पत्नी सोनम लग्जरी कार खरीदने की मांग कर रही है। कभी महंगी चीजों को खरीदने के लिए महंगे गिफ्ट्स मांगती रहती है। अब पत्नी ने मेरी मां का घर अपने नाम कराने की डिमांड कर दी है। ऐसा ना करने पर उसने मानसिक तौर पर परेशान करना शुरू किया और तलाक देने की धमकी दी। पत्नी की ऐसी मांगों और हरकतों के कारण मैं डिप्रेशन का शिकार हो गया।
पीड़ित पति ने अब अपनी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने कहा कि पति पत्नी का एक मामला आया है। पति के कहने पर पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।