By अंकित सिंह | Feb 12, 2025
राजस्थान के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने हाल ही में एक सार्वजनिक बैठक में उनका फोन टैप किए जाने का आरोप लगाकर राज्य सरकार की प्रतिष्ठा को खराब करने के लिए भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का बुधवार को जवाब दिया। ईमेल पर अपने जवाब में मीना ने कहा कि उन्हें इनपुट मिला था कि उनका फोन टैप किया जा रहा है लेकिन उन्होंने ये बात मीडिया में किसी को नहीं बताई। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है और मैं पार्टी का एक अनुशासित सिपाही हूं।
नोटिस में कहा गया है, ''आपने सार्वजनिक बयान देकर भाजपा सरकार पर फोन कॉल टैप कराने का भी आरोप लगाया, जो गलत है।'' इसमें आगे कहा गया, 'आपने बयान देकर बीजेपी की बहुमत वाली सरकार की प्रतिष्ठा धूमिल की है।' भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के तहत दिए गए कारण बताओ नोटिस में मीना को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब देने को कहा गया है।