चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की टीम के सदस्यों ने कोर्ट में किया समर्पण, जमानत मिली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 29, 2021

अगरतला। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की संस्था आई-पैक के 23 सदस्यों ने बृहस्पतिवार को त्रिपुरा की एक स्थानीय अदालत में समर्पण कर दिया जिसने उन्हें जमानत दे दी। त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और आई-पैक के उक्त सदस्यों को कथित तौर पर अवैध हिरासत में रखे जाने पर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा की आलोचना की थी। ‘इंडियन पोलिटिकल एक्शन कमेटी’ (आई-पैक) की टीम तृणमूल कांग्रेस के लिए संभावित जनाधार और राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के लिए त्रिपुरा में है। पुलिस ने कथित तौर पर कोविड नियमों का उल्लंघन करने के लिए उन्हें रविवार रात को एक होटल में हिरासत में रखा था। राज्य में पहुंचे तृणमूल नेता और सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का हाथ है। 

अतिरिक्त लोक अभियोजक विद्युत सूत्रधार ने कहा कि टीम के विरुद्ध सब डिविजनल मजिस्ट्रेट, सदर द्वारा एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत ईस्ट अगरतला पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। सूत्रधार ने संवाददाताओं से कहा, “जांच अधिकारी ने उन्हें एक अगस्त को पेश होने का नोटिस दिया। उन्हें गिरफ्तार करने के कोई इरादा नहीं था। लेकिन फिर भी उन्होंने अदालत के सामने समर्पण किया, जमानत की याचिका दायर की और अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।” सब डिविजनल पुलिस अधिकारी रमेश यादव ने कहा कि जैसे ही 23 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई, उन्हें मंगलवार रात को ही छोड़ दिया गया। 

इसे भी पढ़ें: अगरतला के होटल में प्रशांत किशोर की टीम से पुलिस ने की पूछताछ, जानिए पूरा मामला ? 

पुलिस अधिकारी ने कहा, “उन्हें हिरासत में नहीं रखा गया था बल्कि होटल में ही रहने को कहा गया था जब एक कि जांच रिपोर्ट न आ जाए। जांच रिपोर्ट आने के बाद उनमें से कुछ लोग बुधवार को होटल के बाहर गए थे।” इस बीच तृणमूल के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि पार्टी द्वारा काम पर रखे गए आई-पैक के सदस्य यहां पेशेवर कार्य से आए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर त्रिपुरा पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखा। ब्रायन ने कहा कि संसद का सत्र चलने के बावजूद तृणमूल नेतृत्व ने पार्टी के कुछ सांसदों को दिल्ली से अगरतला आने को कहा है। तृणमूल सांसद काकोली घोष दस्तीदार यहां बृहस्पतिवार को पहुंचे जबकि पार्टी महासचिव और लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी शुक्रवार को त्रिपुरा पहुंचेंगे।

प्रमुख खबरें

चंडीगढ़ में आयोजित Rodrigues Memorial Seminar में सैन्य विशेषज्ञों ने आर्टिलरी के आधुनिकीकरण पर मंथन किया

राहुल गांधी के मंच पर कॉमेडी, फिर नोएडा शो कैंसल... Pulkit Mani बोले- अंडरग्राउंड होने का समय आ गया

Bigg Boss 20 में ट्रोलर्स पर भड़के Salman Khan, Varun Dhawan और David Dhawan ने किया सपोर्ट

MCX Gold की कीमतों में अगले हफ्ते सीमित दायरे में कारोबार के आसार, विश्लेषकों ने दिए संकेत