By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 30, 2021
मुंबई।निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक का दिसंबर, 2020 में समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 17.73 प्रतिशत बढ़कर 5,498.15 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 4,670.10 करोड़ रुपये रहा था। एकल आधार पर देश के निजी क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने तिमाही के दौरान 4,939.59 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,146.46 करोड़ रुपये था। बैंक ने बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 24,416 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 23,638 करोड़ रुपये रही थी।