सतीश चंद्र मिश्र का दावा, ब्राह्मण और 23 प्रतिशत दलित मिल जाएं तो प्रदेश में बनेगी बसपा की सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 23, 2021

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्‍ट्रीय महासचिव और राज्‍यसभा सदस्‍य सतीश चंद्र मिश्र ने शुक्रवार को राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रदेश के लगभग 13 प्रतिशत ब्राह्मण तथा करीब 23 प्रतिशत दलित एक साथ आ जायें और अन्य समुदाय का भी समर्थन मिल जाए तो राज्य में अगली सरकार बसपा की ही बनेगी। शुक्रवार को अयोध्या के एक रिसॉर्ट में बसपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मिश्र ने कहा कि 2007 में सभी समुदाय के लोगों ने खास कर दलित व ब्राह्मण समुदायों ने भाईचारा बना कर पार्टी को भारी समर्थन दिया और पूर्ण बहुमत की सरकार बनवायी थी। 

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज बुद्धिमान है भाजपा से सवाल करेगा, भाजपा सरकार में सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मणों की हत्या हुई हैं। भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। इन्होंने तो भगवान श्री राम के नाम पर लाखों -करोड़ों रूपये चन्दा जमा किया है लेकिन लगभग एक साल में अभी मंदिर की नींव भी ठीक से खुद नहीं पाई है। मिश्र ने यह भी कहा कि ख़ुशी दुबे को गलत तरीके से एक साल से इस सरकार ने जेल में बंद किया हुआ है, हम उसे हर तरह की कानूनी सहायता देने को तैयार हैं। ध्‍यान रहे कि पिछले वर्ष कानपुर जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में छापा मारने गये आठ पुलिसकर्मियों की गैंगस्टर विकास दुबे और उसके साथियों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार विकास दुबे को कानपुर लाते समय एक मुठभेड़ में मार गिराया। उसके पहले विकास दुबे के करीबी बिकरू निवासी अमर दुबे को भी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया और उसकी नवविवाहिता पत्नी खुशी दुबे को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही खुशी दुबे जेल में बंद है। 

इसे भी पढ़ें: योगी के मंत्री बोले- राम मंदिर को लेकर कांशीराम के विवादित बयान पर माफी मांगे मायावती 

बसपा मुख्‍यालय से जारी बयान के अनुसारप्रबुद्ध वर्ग विचार गोष्ठी की शुरुआत मिश्र के नेतृत्व में श्री राम जन्म भूमि अयोध्या से हुई। आज सुबह सर्वप्रथम मिश्र ने श्री राम जन्म भूमि में श्री रामलला का आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात हनुमान गढ़ी में श्री हनुमान जी का दर्शन कर पवित्र सरयू नदी की आरती-पूजन किया। अयोध्या में मिश्र ने पत्रकारों से कहा कि बसपा पूरे उत्तर प्रदेश के हर जिले मेंप्रबुद्ध वर्ग विचार गोष्ठी का आयोजन करेगी। गौरतलब है कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने 18 जुलाई को दावा किया था कि अगले वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट नहीं देंगे।

प्रमुख खबरें

K Annamalai ने पेरियार के सुधारों को सराहा, नास्तिकता और ब्राह्मण विरोधी विचारों को नकारा

UDAN Scheme: Purulia में हवाई अड्डा बनाने के लिए Bengal सरकार 28 सितंबर को केंद्र संग करेगी समझौता

Bibek Debroy: दिल्ली मतदाता सूची पुनरीक्षण में दिवंगत अर्थशास्त्री का नाम, चुनाव आयोग हटाएगा

ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी, IMD के अलर्ट के बाद 20 जिलों में प्रशासन मुस्तैद