Goa में 57th IFFI की शुरुआत पावेल पाव्लिकोव्स्की की फिल्म Fatherland से होगी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

पोलैंड के चर्चित फिल्मकार पावेल पाव्लिकोव्स्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की शुरुआत करेगी। महोत्सव में 86 देशों की 159 विदेशी और 76 भारतीय फिल्में दिखाई जाएंगी। पाव्लिकोव्स्की विश्व सिनेमा के चर्चित निर्देशक हैं।

उनकी ‘इडा’ और ‘कोल्ड वॉर’ जैसी फिल्मों को पुरस्कार मिल चुके हैं। ‘फादरलैंड’ के लिए उन्हें कान फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था। यह फिल्म उनकी ऐतिहासिक कहानियों पर आधारित तीन फिल्मों की शृंखला की अंतिम कड़ी है।

यह फिल्म महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होगा और इसका समापन सिंगापुर की फिल्म ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ से होगा। महोत्सव के निदेशक और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के लिए 137 देशों से कुल 1,400 फिल्में प्राप्त हुईं।

इस बार के कार्यक्रम में नौ विश्व प्रीमियर, दो अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर, 24 एशिया प्रीमियर और 116 भारतीय प्रीमियर शामिल हैं। इसके अलावा 14 विशेष प्रीमियर भी होंगे। रणवीर सिंह अभिनीत आदित्य धर की चर्चित जासूसी फिल्म ‘धुरंधर’ भारतीय पैनोरमा के फीचर फिल्म खंड की शुरुआत करेगी, जबकि गैर-फीचर फिल्म खंड की उद्घाटन फिल्म ‘बिकमिंग’ होगी।

भारतीय पैनोरमा खंड में 25 फीचर और 20 गैर-फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी। इनका चयन 700 से अधिक प्रविष्टियों में से किया गया है। महोत्सव की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 15 फिल्में शामिल होंगी, जबकि सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म श्रेणी में सात फिल्में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म, टेलीविजन एवं दृश्य-श्रव्य संचार परिषद (आईसीएफटी), पेरिस के सहयोग से यूनेस्को के तत्वावधान में आयोजित आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक प्रतियोगिता में 10 फिल्में दिखाई जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की जूरी की अध्यक्षता फिल्मकार आनंद एल राय करेंगे। जूरी के अन्य सदस्यों में रोमानिया के फिल्मकार बोगदान मुरेशानु, वेनेजुएला की फिल्मकार मारिया आलेहांद्रा रोजास, थाईलैंड के निर्देशक रत्चापूम बूनबुंचाचोक और अर्जेंटीना की निर्देशक सोल बेरुएसो पिशोन-रिविएर शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ फिल्म को ‘गोल्डन पीकॉक’ पुरस्कार और 51 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को ‘सिल्वर पीकॉक’ और 20 लाख रुपये मिलेंगे। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री को 15-15 लाख रुपये दिए जाएंगे।

विशेष जूरी पुरस्कार के तहत 20 लाख रुपये और सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म के निर्देशक को 15 लाख रुपये मिलेंगे। आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक के विजेता को प्रमाणपत्र और पदक दिया जाएगा। महोत्सव में पोलैंड के फिल्मकार आंद्रेज वायदा की जन्मशती के अवसर पर उनकी पांच फिल्मों ‘एशेज एंड डायमंड्स’, ‘आफ्टर इमेज’, ‘मैन ऑफ मार्बल’, ‘कनाल’ और ‘द प्रॉमिस्ड लैंड’ का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।

इस बार रूस भागीदार देश और स्पेन सम्मानित देश होगा। महोत्सव में ब्रिक्स देशों की फिल्में भी दिखाई जाएंगी। भारत की ओर से नितेश तिवारी की ‘रामायण’ प्रदर्शित की जाएगी।

महोत्सव के 57वें संस्करण में 52 महिला फिल्मकारों की फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें से 10 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल फिल्मकारों की फिल्म होंगी। इसके अलावा 62 नवोदित फिल्मकारों की फिल्में भी महोत्सव का हिस्सा होंगी। इनमें से 12 की फिल्में प्रतियोगिता खंड में शामिल हैं।

भारतीय पैनोरमा के फीचर फिल्म खंड की जूरी की अध्यक्षता फिल्मकार मधुर भंडारकर करेंगे, जबकि गैर-फीचर फिल्म खंड की जूरी का नेतृत्व हिमांशु शेखर खटुआ करेंगे। सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) पुरस्कार की जूरी के अध्यक्ष जेडी मजीठिया होंगे। इस साल महोत्सव में ‘फिल्मों के बारे में फिल्में’ और ‘एनिमेशन’ नाम की दो नई श्रेणियां शुरू की गई हैं।

इफ्फी का आयोजन इस बार ‘सीमाओं से परे कहानियां’ विषय के तहत किया जा रहा है। इस विषय के बारे में गोवारिकर ने कहा कि सिनेमा में लोगों को उनकी परिचित भाषाओं, संस्कृतियों और नजरियों से आगे ले जाकर करीब लाने की क्षमता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसे समय में जी रहे हैं, जब पहले से कहीं अधिक एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद अपने दायरे, अपनी भाषा, अपनी स्क्रीन और अपने नजरिये तक सीमित रहना भी आसान हो गया है।’’ ‘स्वदेश’ के निर्देशक ने कहा कि जब दर्शक किसी ऐसे देश की फिल्म के किरदारों से भावनात्मक रूप से जुड़ते हैं, जिसकी भाषा वे नहीं जानते, तो सिनेमा दूरियों को कम करने में सफल होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘दूरी कम हो जाती है। मेरे लिए सिनेमा यही काम सबसे अच्छी तरह करता है और इसी सोच के आधार पर हमने ‘सीमाओं से परे कहानियां’ विषय चुना है।’’ महोत्सव में गोवारिकर की फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने के अवसर पर उसका विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इफ्फी एशिया का सबसे पुराना फिल्म महोत्सव है और पिछले कुछ वर्षों में यह एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘हर साल नवंबर में गोवा दुनिया भर के कहानीकारों के स्वागत के लिए अपने दरवाजे खोलता है। अच्छी कहानियां दुनिया को जोड़ती हैं और एक बार फिर गोवा वैश्विक सिनेमा के लिए रेड कार्पेट बिछाने को तैयार है।’’ सावंत ने कहा कि गोवा को इफ्फी का मेजबान होने पर गर्व है और यह महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में से एक की मेजबानी करना गोवा के लिए गर्व की बात है।

प्रमुख खबरें

DK Shivakumar ने PM Modi से की Metro Rail फंडिंग पर पुनर्विचार की मांग

Taiwan के अधिकारियों का दावा: APEC बैठक से पहले China ने भेजे 100 से ज्यादा युद्धपोत

कर्नाटक में Mangaluru-Bengaluru Vande Bharat ट्रेन का संचालन शनिवार से होगा शुरू

Vi ने 35 रुपये में लॉन्च किया नया Data Voucher, 1GB डेटा के साथ 28 दिन OTT एक्सेस