By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 21, 2024
चेन्नई। तमिलनाडु के कल्लाकुरिचि जिले में अवैध देशी शराब पीने से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ कर 47 हो गई है, जबकि अन्य 30 लोगों की हालत गंभीर है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कल्लाकुरिची के जिलाधिकारी प्रशांत एम. एस. ने कहा कि इस घटना में बृहस्पतिवार तक मारे गए 29 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने शवों का दफना दिया है या तो अंतिम संस्कार कर दिया है।
प्रशांत ने बताया कि प्रशासन के पास अवैध देशी शराब पीने से बीमार हुए लोगों का इलाज करने के लिए दवाओं का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करुणापुरम में प्रभावित लोगों की संख्या जानने के लिए घर-घर जाकर गणना भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने जनता से अपील की कि जिन लोगों ने अवैध शराब का सेवन किया है, वे खुद ही जल्द से जल्द जांच कराएं और आवश्यकता पड़ने पर इलाज कराएं, ताकि उनके जीवन को खतरा न हो।