IMF प्रमुख का दावा, भारत में आर्थिक सुस्ती अस्थायी,जल्द सुधार होने की उम्मीद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 24, 2020

दावोस। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने शुक्रवार को कहा कि भारत में आर्थिक सुस्ती अस्थायी है और उन्हें आने वाले समय में इसमें सुधार की उम्मीद है। जॉर्जीवा ने विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) 2020 में यहां कहा कि अक्टूबर 2019 में जब आईएमएफ ने वैश्विक आर्थिक परिदृश्य की घोषणा की थी,उस समय के मुकाबले जनवरी 2020 में दुनिया अच्छी स्थिति में दिख रही है। उन्होंने कहा कि माहौल सकारात्मक बनाने वाले कारकों में अमेरिका और चीन के बीच पहले दौर का व्यापार समझौता होना है। इससे विश्व अर्थव्यवस्था में जारी व्यापार तनाव में कमी आई है।इसके अलावा कर में कटौतियां भी परिवेश को सकारात्मक बनाने में शामिल हैं।

हालांकि, उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिये 3.3 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर को अच्छा नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह अभी भी सुस्त वृद्धि है। हम चाहते हैं कि राजकोषीय नीतियां और आक्रामक हों। हम संरचनात्मक सुधार तथा अधिक गतिशीलता चाहते हैं। जार्जीवा ने उभरते बाजारों के बारे में कहा कि ये बाजार भी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने एक बड़े बाजार भारत में गिरावट देखी है लेकिन हमारा मानना है कि यह अस्थाई है। हमें आने वाले समय में गति बढ़ने का अनुमान है। इंडोनेशिया और वियतनाम जैसे कुछ अन्य बेहतर बाजार भी हैं। उन्होंने कहा कि कई अफ्रीकी देश भी अच्छा कर रहे हैं, लेकिन मैक्सिको जैसे कुछ देश अच्छा नहीं कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: कठिन दौर से गुजर रहा है भारत, नीचे बनी रहेगी आर्थिक वृद्धि दर: अर्थशास्त्री

आईएमएफ प्रमुख ने उत्पादकता की दीर्घकालिक वृद्धि में सुस्ती तथा निम्न मुद्रास्फीति को वैश्विक अर्थव्यवस्था के समक्ष उपस्थित हो सकने वाले जोखिमों में एक बताया। उन्होंने कहा कि हम पहले से अधिक जोखिमों वाली दुनिया में जी रहे हैं। अभी सिर्फ जनवरी ही गुजर रहा है और अभी ही ऐसी कुछ घटनाएं हो गयी हैं जो वैश्विक अर्थव्यवस्था के समक्ष जोखिम उपस्थित कर रही हैं।


इसे भी देखें- कम निवेश में शुरू करें ये बिजनेस, फायदे में रहेंगे 

प्रमुख खबरें

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र को निर्देश, प्रदर्शन के नाम पर Delhi Metro और ट्रेन सेवाएं पूरी तरह न रोकें

Supreme Court का Kerala को निर्देश, सबसे ऊंचे हाथी रमन की मेडिकल रिपोर्ट करें पेश

INDIA Bloc की बैठक में शामिल नहीं हुआ Shiv Sena UBT, जानें क्या है पूरा मामला

TCS और Wipro समेत IT कंपनियों पर अमेरिकी Green Card रोक का भारत ने किया विरोध