पाकिस्तान के लिए बुरी खबर, कर्ज की तीसरी किस्त जारी करने में IMF कर सकता है विलम्ब

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2020

अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए पाकिस्तान को दिये जाने वाले कुल 6 अरब डॉलर के कर्ज की तीसरी किस्त जारी करने में विलम्ब कर सकता है। पाकिस्तान को यह कर्ज आईएमएफ की विस्तारित कोष सुविधा (ईईएफ) के तहत दिया जा रहा है। इसके तहत कर्ज तब मिलता है जब संरचनात्मक बाधाओं के कारण किसी देश में भुगतान संतुलन की समस्या उत्पन्न होती है।

नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को 45.4 करोड़ डॉलर की दूसरी किस्त पिछले साल दिसंबर में मिली थी। अखबर द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार 45 करोड़ डॉलर की तीसरी किस्त जारी होने में देरी का कारण संभवत: कोरोना वायरस महामारी के कारण वृहत आर्थिक मोर्चे पर नई वास्तविकताओं का सामने आाना है।

इसमें कहा गया है, ‘‘मौजूदा व्यवस्था के तहत ईईएफ के अंतर्गत 6 अरब डॉलर के कर्ज की तीसरी किस्त की मंजूरी में कुछ समय की देरी हो सकती है क्योंकि सभी वृहत आर्थिक लक्ष्यों में चूक है।इससे वृहत आर्थिक लक्ष्यों को फिर से निर्धारित करने की जरूरत है।’’ आईएमएफ ने पिछले साल जुलाई में पाकिस्तान को तीन साल में 6 अरब डॉलर की सहायता देने को मंजूरी दी थी। इसका मकसद देश की नाजुक अर्थव्यवस्था को सतत वृद्धि के रास्ते परऔर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि दो संभावनाओंपर विचार किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान में बढ़ रहा कोरोना वायरस का प्रकोप, मरीजों की संख्या 2,700

पहला, 2020-21 के बजट के बाद दूसरी समीक्षा पूरी होने के बाद राशि दी जा सकती है। इसके अलावा ईएफएफ की दूसरी और तीसरी समीक्षा को एक साथ कर तीसरी तथा चौथी किस्त एक साथ जुलाई में दे दी जाए। आईएमएफ की अगली समीक्षा बैठक अप्रैल के आखिर या मई की शुरूआत में हो सकती है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आईएमएफ ने पाकिस्तान के कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये त्वरित वित्त उत्पाद (आरएफआई) के तहत 1.4 अरब डॉलर के उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में कोरोना वायरस के 2,880 मामले सामने आये हैं जबकि 45 लोगों की मौत हुई है।

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह