By अभिनय आकाश | May 15, 2023
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता राजा रियाज अहमद खान ने सदन में कहा कि इमरान खान को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए थी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को जमानत देने के लिए अदालतों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इमरान खान को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए थी, लेकिन अदालतें उनका ऐसे स्वागत कर रही हैं जैसे कि वह उनके दामाद हों।
उन्होंने कहा कि अगर न्यायाधीश इस यहूदी एजेंट से इतने खुश हैं, तो उन्हें पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ में शामिल हो जाना चाहिए। उनकी पार्टी में कुछ सीटें खाली हैं। आगे चलकर उन्हें पीटीआई के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहिए। उनकी जगह उन जजों को लाना चाहिए जो गरीबों को न्याय दे सकें।
इमरान खान के समर्थकों द्वारा पूरे पाकिस्तान में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के बारे में बोलते हुए, राजा रियाज ने कहा कि पूरा सदन शर्मिंदा है। पूरा देश शर्मिंदा है।
पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन ने न्यायपालिका के हाल के कुछ फैसलों के विरोध में आज सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने कहा कि कई मामलों में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को व्यापक राहत मिली है।