By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 15, 2023
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि राष्ट्रपति आरिफ अल्वी जल्द ही प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से विश्वास मत का सामना करने के लिए कहेंगे। खान का यह बयान ऐसे समय आया है जब उन्होंने देश में मध्यावधि चुनाव के लिए सरकार पर दबाव बनाने के प्रयास तेज कर दिये हैं। खान ने यहां मीडिया से बातचीत और शनिवार को ‘हम न्यूज टीवी’के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘शहबाज शरीफ ने पंजाब में हमारी परीक्षा ली थी और अब यह साबित करने की बारी उनकी है कि उनके पास नेशनल असेंबली में बहुमत है या नहीं।’’
खान देश में मध्यावधि चुनाव कराने पर जोर दे रहे हैं। खान ने कहा कि नए सिरे से चुनाव ही मुल्क को आर्थिक संकट से बाहर निकाल सकता है। बहरहाल, संघीय सरकार का कहना है कि अगस्त में सरकार का कार्यकाल पूरा होने के बाद ही आम चुनाव कराए जाएंगे। इस बीच,पाकिस्तान में पंजाब के राज्यपाल बालीगुर रहमान द्वारा मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही की सलाह पर हस्ताक्षर करने से इनकार किए जाने के 48 घंटे बाद पंजाब विधानसभा संविधान के अनुसार शनिवार शाम भंग हो गई।
इलाही ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान की ‘‘इच्छा’’ के अनुसार विधानसभा भंग करने की सलाह बृहस्पतिवार को भेजी थी। राज्यपाल ने इस सलाह पर हस्ताक्षर नहीं किए। इसके बाद संविधान के अनुसार राज्यपाल को सलाह भेजे जाने के 48 घंटे बाद विधानसभा भंग हो गई। खान ने कहा कि कुछ दिन में खैबर पख्तूनख्वा असेंबली भी भंग की जाएगी।
इस बीच, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख नेता नवाज शरीफ ने लंदन से वीडियो लिंक के जरिए शनिवार शाम को लाहौर में पार्टी की एक बैठक की अध्यक्षता की। वह नवंबर 2019 से ही लंदन में हैं। पीएमएल-एन की प्रवक्ता और संघीय सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा, ‘‘नवाज शरीफ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पंजाब में चुनाव की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को टिकट वितरित करने के लिए एक संसदीय बोर्ड गठित करने के लिए भी कहा है।