By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2022
इस्लामाबाद,पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अटॉर्नी जनरल से भेंट की और उनसे विपक्षी दलों द्वारा लाये गये अविश्वास प्रस्ताव पर कानूनी राय मांगी। विपक्ष ने इमरान खान सरकार को अनियंत्रित महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया है। डॉन अखबार के अनुसार सरकार परेशान है और वह खान की अगुवाई वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार को सत्ता से बेदखल करने के विपक्ष के कदम को विफल करने के लिए जी-जान से कोशिश कर रही है। खान पहले ही दावा कर चुके हैं कि उन्हें शक्तिशाली पाकिस्तानी सेना का समर्थन प्राप्त है। मंगलवार को नेशनल असेम्बली के सचिवालय को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा गया जिस पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के करीब 100 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। खान (69) गठबंधन सरकार की अगुवाई कर रहे हैं।