By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 25, 2023
ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पीवी सिंधू सहित भारत के स्टार खिलाड़ी अपने खेल में सुधार करके बुधवार से यहां होने वाली एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने के उद्देश्य से कोर्ट पर उतरेंगे। यह प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता मंगलवार को क्वालीफाईंग दौर के साथ शुरू हो गई जबकि मुख्य दौर के मुकाबले बुधवार से शुरू होंगे। भारत के लिए पदक जीतना आसान नहीं होगा क्योंकि पिछले कुछ समय से उसके शीर्ष खिलाड़ी संघर्ष कर रहे हैं।। भारत ने एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में अभी तक कुल मिलाकर 17 पदक जीते हैं। उसके लिए एकमात्र स्वर्ण पदक 1965 में दिनेश खन्ना ने जीता था।
पुरुष युगल में इस साल के शुरू में स्विस ओपन का खिताब जीतने वाले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी तान कियान मेंग और तान वी किओंग की मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला तथा कृष्ण प्रसाद गरगा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला भी पुरुष युगल में अपनी चुनौती पेश करेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी का सामना पहले दौर में इंडोनेशिया की लनी त्रिया मायासारी और रिबका सुगियार्तो से होगा। उनके अलावा महिला युगल में अश्विनी भट और शिखा गौतम तथा हरिता मंझिल और आशना रॉय भी भारत की तरफ से चुनौती पेश करेंगी।