तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गिरोह के कैदी भिड़े, एक बंदी को नुकीला सुआ घोपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 06, 2024

नयी दिल्ली। तिहाड़ जेल संख्या 3 में टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गिरोह के सदस्यों के बीच हुई भिड़ंत में एक कैदी को नुकीला सुआ घोपकर घायल कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी हितेश घायल हुआ है और उसे उपचार के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि जेल के अंदर बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे गोगी गिरोह के सदस्य हितेश और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो अन्य सदस्यों के बीच कथित तौर पर झगड़ा हुआ था। 


एक पुलिस सूत्र ने बताया कि हितेश को बर्फ तोड़ने वाला नुकीला सुआ घोपा गया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया, बुधवार को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की ओर से हरि नगर पुलिस थाने को सूचना मिली कि तिहाड़ जेल से एक घायल व्यक्ति को अस्पताल लाया गया है। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की पड़ताल की। उन्होंने कहा, हितेश पर हमला करने वालों के नाम गौरव लोहरा और गुरिंदर के तौर पर सामने आए हैं। फिहलाल हमलावरों की पहचान की पुष्टि जांच का विषय है। 


हितेश घायल हुआ है और उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि हितेश वर्ष 2019 से जेल में है, जबकि गौरव और गुरिंदर पर हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में मुकदमा चल रहा है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा, जख्मों को देखते हुए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। 


जेल के अंदर के सूत्रों ने बताया कि हितेश अन्य कैदियों के साथ बात कर रहा था, तभी दोनों वहां पहुंचे और उससे बहस शुरू कर दी। जल्द ही बहस हाथापाई में बदल गई और आरोपियों में से एक ने उस पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जेल संख्या 3 में कोई वीआईपी नेता बंद नहीं है। गैंगस्टर ताजपुरिया की पिछले साल मई में इसी जेल में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी।

प्रमुख खबरें

Messi event controversy के बाद बंगाल में खेल मंत्रालय की कमान संभालेंगी ममता बनर्जी

IPL 2026 नीलामी: यूपी के प्रशांत वीर पर CSK ने लगाया 14.20 करोड़ का बड़ा दांव

IPL 2026 नीलामी: कैमरन ग्रीन बने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी, KKR ने लगाए 25.20 करोड़

इंडसइंड बैंक में HDFC समूह की एंट्री, भारतीय रिज़र्व बैंक से 9.5% हिस्सेदारी की मंजूरी