India A vs New Zealand A तीसरा Test बारिश से ड्रॉ, Bumrah-Jadeja को नहीं मिला अभ्यास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2026

जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को लंबे ब्रेक के बाद मैच अभ्यास हासिल करने का मौका नहीं मिल सका क्योंकि भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीसरा अनौपचारिक टेस्ट मंगलवार को यहां चौथे और अंतिम दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ने के कारण ड्रॉ समाप्त हुआ। मैच के तीसरे दिन सोमवार को भी बारिश के कारण खेल नहीं हो सका था। इस तरह तीन मैच की शृंखला के सभी मुकाबले ड्रॉ रहे। भारत ए ने यशस्वी जायसवाल के शृंखला के लगातार दूसरे शतक और साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा तथा वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की मदद से पांच विकेट पर 464 रन बनाकर पारी घोषित की थी। 

न्यूजीलैंड ए ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 36 रन बनाए थे। भारतीय टीम के नजरिये से यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण था क्योंकि ब्रेक के बाद वापसी कर रहे बुमराह और जडेजा को मैच अभ्यास का मौका मिलने की उम्मीद थी। बुमराह ने अपना पिछला मैच तीन अक्टूबर को जापान के आइची-नागोया में पाकिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों के फाइनल में खेला था। उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के सीमित ओवरों के चरण से विश्राम दिया गया था जिससे कि 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की शृंखला के लिए वह तरोताजा रह सकें।

 इस मुकाबले में बुमराह को केवल छह ओवर गेंदबाजी करने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 11 रन दिए। वह टेस्ट शृंखला से पहले कई स्पैल गेंदबाजी करके अच्छी लय हासिल करना चाहते थे लेकिन खराब मौसम ने उनकी तैयारियों पर पानी फेर दिया। विदेशी परिस्थितियों में आमतौर पर प्रमुख बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले जडेजा को बल्लेबाजी का मौका मिला। उन्होंने 71 गेंद का सामना करते हुए 25 रन बनाए और एक घंटे 20 मिनट तक क्रीज पर रहे। हालांकि जडेजा को गेंदबाजी का मौका नहीं मिला क्योंकि भारत ए की टीम केवल 14 ओवर ही गेंदबाजी कर सकी।

 बुमराह, जडेजा के अलावा जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, वाशिंगटन सुंदर और आकाश दीप अब वेलिंगटन रवाना होंगे जहां भारतीय सीनियर टीम की नजरें बारिश नहीं होने की स्थिति में छह अभ्यास सत्र के जरिए तैयारी करने पर होंगी। भारत ए की शृंखला की बात करें तो जायसवाल के लगातार दो शतक और पडिक्कल का शानदार प्रदर्शन टीम के लिए दो बड़ी सकारात्मक चीजें रहीं।

 पडिक्कल ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में 199 रन बनाए थे जिससे उन्होंने तीसरे नंबर पर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। सुदर्शन ने भी कुछ अर्धशतक जड़कर अपनी उपयोगिता साबित की। लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद आकाश दीप भी धीरे-धीरे लय हासिल कर रहे हैं। 

ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा चौथे विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को टीम में शामिल करते हैं या नहीं। आकाश दीप उपयोगी बल्लेबाजी करने में भी सक्षम हैं।

प्रमुख खबरें

Dehradun में पारिवारिक कलह के बाद बेटे ने पिता पर चाकू से हमला कर मार डाला

Aakash Chopra ने MI को दी सलाह, Trent Boult को रिलीज कर Hardik Pandya का Trade करें

जेल में बंद AAP विधायक Laljit Bhullar ने 2027 Punjab Assembly Election न लड़ने का किया एलान

CM Rekha Gupta ने Chhath Puja की समीक्षा की, 1400 Ghats तैयार करने की समय सीमा तय