By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 06, 2026
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले भारत ए की तरफ से खेलते हुए शनिवार से यहां शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम चार दिवसीय मैच में अपनी तैयारी को पुख्ता अंजाम देने की कोशिश करेंगे। बुमराह ने अपना आखिरी मैच एशियाई खेलों के फाइनल के रूप में तीन अक्टूबर को खेला था। इसके बाद उन्हें कार्यभार प्रबंधन के तहत टी20 और मौजूदा वनडे श्रृंखला के लिए टीम में नहीं रखा गया था।
वेलिंगटन में 19 नवंबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले बुमराह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ मैच में यहां की परिस्थितियों से अवगत होने की पूरी कोशिश करेंगे। भारत ने दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला को काफी महत्व दिया है और इसलिए उसके कई सीनियर खिलाड़ी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ श्रृंखला में खेल रहे हैं। इससे उन्हें यहां की हवादार और ठंडी परिस्थितियों के अनुकूल होने का मौका मिला है।
हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) की चोट से पूरी तरह उबर चुके प्रसिद्ध को भी टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम में बरकरार रखा गया है। उन्होंने अपना आखिरी मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे के रूप में खेला था। सौराष्ट्र के लिए दो रणजी ट्रॉफी मैच खेलने के बाद जडेजा न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। उन्होंने इन दो मैच में सात विकेट लिए और एक शतक बनाया। वनडे टीम में जगह नहीं बना पाने वाले जडेजा रणजी ट्रॉफी की अपनी फॉर्म को यहां भी बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। इस श्रृंखला के पहले दो मैच ड्रॉ रहे थे।
देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल इस श्रृंखला में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। यशस्वी जायसवाल ने हैगली ओवल में खेले गए पिछले मैच में नाबाद 155 रन की पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की। पहले मैच के बाद वनडे टीम से बाहर किए गए ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को भी लाल गेंद से खेलने का कुछ समय मिलने की उम्मीद है।
पिछले दो मैचों में पिचें बल्लेबाजी के लिए अनुकूल साबित हुईं। अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है, तो उसे पहले दिन की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना होगा। श्रृंखला के पहले मैच में भारतीय टीम पहली पारी में 113 रन पर आउट हो गई थी, लेकिन दूसरी पारी में उसने शानदार प्रदर्शन करते हुए 516 रन बनाए थे।
अगर न्यूजीलैंड ए की बात करें तो उसे शानदार फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज साइमन कीन और फ्रेजर शीट की कमी खलेगी जो चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे।
टीम इस प्रकार हैं
न्यूजीलैंड: आदि अशोक, मैट बॉयल, मैक्स चू (विकेटकीपर), डैनरू फर्न्स, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, कर्टिस हीफी, राइस मारियू, जारोड मैके, कैम पॉल, डेल फिलिप्स, ब्रेट रैंडेल, टिम रॉबिन्सन।
भारत ए: यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़, आर स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, शिखर मोहन, मुकेश चौधरी, मुकेश कुमार, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, रविंद्र जडेजा।