By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपना विरोध तेज करते हुए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ शुक्रवार को सांकेतिक ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसकी अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इसमें ‘प्रस्ताव’ पेश करेंगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने खरगे के आवास पर बैठक कर ‘‘जन महाभियोग’’ की कार्यवाही और इसमें विभिन्न दलों की भूमिका को अंतिम रूप दिया।
प्रस्ताव पारित किए जाने से पहले राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा था कि कई स्थानों पर आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण यह कार्यक्रम शुक्रवार अपराह्न साढ़े तीन बजे खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।