New Zealand के खिलाफ दूसरे Test में Ravindra Jadeja को बाहर करना बड़ी भूल: Gavaskar

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 27, 2026

 दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में रविंद्र जडेजा को टीम से बाहर रखकर भारत ने बहुत बड़ी गलती की क्योंकि इस ऑलराउंडर की स्पिन गेंदबाजी मैच के अंतिम दो दिनों में महत्वपूर्ण साबित हो सकती थी। भारत ने लगातार दूसरे टेस्ट मैच में जडेजा और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को अंतिम एकादश में नहीं रखा जबकि तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को पदार्पण का मौका दिया। गावस्कर ने मेजबान प्रसारक से कहा, ‘‘आप सिराज की बात कर रहे हैं। जडेजा के बारे में आपकी क्या राय है।

 मेरा मानना ​​है कि चौथे और पांचवें दिन उनकी स्पिन काफी उपयोगी साबित होती क्योंकि वह गेंद को अच्छा खासा टर्न कराते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह गेंद को हवा में उछालने वाला गेंदबाज नहीं हैं लेकिन उन्हें सपाट पिचों पर भी गेंद को ग्रिप दिलाने और टर्न करने के लिए जाना जाता है।’’ पहले टेस्ट मैच में सिराज को बाहर करने पर सवाल उठाने वाले गावस्कर ने कहा कि एक बार फिर से नजरअंदाज किया जाना इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों के लिए निराशाजनक होगा।

 उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उनके साथ-साथ मोहम्मद सिराज के लिए भी मुश्किल हालात होंगे। मोहम्मद सिराज फिर से बता दें कि वह इस दौर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक हैं। देखते हैं आगे क्या होता है।’’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने सिराज को टीम से बाहर किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि जसप्रीत बुमराह के साथ भारत के विदेशी टेस्ट दौरों के लिए इस तेज गेंदबाज का चयन स्वतः ही होना चाहिए।

 कैफ ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘यह विश्वास करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक मोहम्मद सिराज को फिर से टीम से बाहर कर दिया गया है। विदेशी दौरों में बुमराह के साथ सिराज के नाम पर भी सबसे पहले विचार किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिलचस्प बात किया है कि भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने खुद सिराज को विश्व स्तरीय गेंदबाज बताया और कहा कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।’’

प्रमुख खबरें

Budget से पहले CREDAI की मांग, Affordable Housing की सीमा बढ़ाकर 90 लाख करे सरकार

Christchurch Test के Day 1 पर Akash Deep बोले, गेंदबाजी में और बेहतर कर सकती थी Team India

Sabarimala में तंबाकू नियंत्रण कानून तोड़ने पर आबकारी विभाग ने वसूला 46,800 रुपये जुर्माना

Piyush Goyal बोले- America के साथ Trade Agreement जल्द, रुकावटों पर बन रही बात