By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने शुक्रवार को विदेश नीति एवं सुरक्षा के मुद्दों पर महत्वपूर्ण परामर्श बैठक की तथा इस दौरान दोनों पक्षों ने यूक्रेन में अंतरराष्ट्रीय कानून व संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुरूप ‘व्यापक, न्यायसंगत और स्थायी शांति’ की आवश्यकता पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में हुई भारत-ईयू विदेश नीति एवं सुरक्षा परामर्श (एफपीएससी) के 12वें दौर की बैठक में दोनों पक्षों ने वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर ‘‘नकारात्मक प्रभाव को कम करने’’ के लिए काला सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने की आवश्यकता पर भी विचार साझा किए। मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने सीमापार आतंकवाद सहित आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी रूपों की ‘‘‘स्पष्ट रूप से और कड़े शब्दों में निंदा’’ की।
बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और यूरोपीय बाह्य कार्रवाई सेवा (ईईएएस) में राजनीतिक मामलों के उप महासचिव ओलोफ स्कूग ने की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी के तहत सुरक्षा और रक्षा सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। बयान के मुताबिक, जिन मुद्दों पर चर्चा हुई उनमें समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग एवं प्रौद्योगिकी, साइबर और हाइब्रिड खतरे, अंतरिक्ष तथा आतंकवाद-रोधी सहयोग शामिल हैं।