By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
एशियाई खेलों के पदक विजेता गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु और पूर्व विश्व चैंपियन अदिति स्वामी ने दो-दो पदक जीते, लेकिन एशिया कप तीरंदाजी रैंकिंग प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम चरण में भारत का अभियान निराशाजनक रहा जिसमें देश शनिवार को यहां एक भी स्वर्ण पदक जीतने में नाकाम रहा और उसे पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारत ने प्रतियोगिता में कुल छह पदक जीते जिसमें तीन रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। भारत के छह में से पांच पदक कंपाउंड तीरंदाजों ने दिलाए जबकि रिकर्व वर्ग में टीम को सिर्फ एक पदक मिला।
उज्ज्वल धामा, गोल्डी मिश्रा और अभ्युदय पखाले पुरुष रिकर्व टीम ने कांस्य पदक जीता। दक्षिण कोरिया ने एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति साबित करते हुए पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने कुल आठ पदक जीते जिनमें चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य शामिल हैं।
मेजबान चीन तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित आठ पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा जबकि ऑस्ट्रेलिया ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। सिंगापुर ने एकमात्र स्वर्ण पदक जीतकर भारत को पछाड़ते हुए चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय टीम में एशियाई खेलों की पदक विजेता कीर्ति अग्रवाल, पृथिका प्रदीप और गणेश के अलावा कई उभरते हुए तीरंदाज शामिल थे।
गणेश ने एशियाई खेलों में टीम स्वर्ण और व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता था। इस 20 वर्षीय तीरंदाज को यहां कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया के बेली वाइल्डमैन के खिलाफ 146-148 से हार का सामना करना पड़ा जिससे उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले गणेश ने सेमीफाइनल में चीन के दूसरी वरीयता प्राप्त बिहेंग क्यूई के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था।
मुकाबला 146-146 से बराबर रहने के बाद शूट-ऑफ में गणेश ने जीत दर्ज की। कंपाउंड पुरुष टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया। गणेश, मानव जाधव और मोहित भाटी की भारतीय टीम को बेली, जोनाथन मिल्ने और नाथन राउली की ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 229-234 से हारकर रजत पदक मिला।
पूर्व विश्व चैंपियन अदिति ने कंपाउंड महिला वर्ग में भारत की अगुआई करते हुए व्यक्तिगत रजत और टीम कांस्य पदक जीता। 20 वर्षीय अदिति के पास व्यक्तिगत खिताब जीतने का अच्छा मौका था। वह तीन दौर के बाद घरेलू खिलाड़ी हू जिंगवेन के खिलाफ 88-87 से आगे थीं।
हालांकि, अंतिम दौर में अदिति अपना प्रदर्शन बरकरार नहीं रख सकीं और चीन की तीरंदाज ने वापसी करते हुए 146-144 से मुकाबला जीत लिया। फिर अदिति ने महिला टीम स्पर्धा में पृथिका प्रदीप और तेजल साल्वे के साथ मिलकर दूसरा पदक जीता। भारतीय टीम ने कांस्य पदक के मुकाबले में इंडोनेशिया को 230-228 से हराया।
एशियाई खेलों की टीम स्वर्ण पदक विजेता पृथिका ने भी कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को एक और पदक दिलाया। उन्होंने दक्षिण कोरिया की ओह यूह्युन को 145-142 से हराकर कांस्य पदक जीता। कंपाउंड तीरंदाजों ने जहां भारत को पदक की दौड़ में बनाए रखा, वहीं रिकर्व वर्ग के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।
यह प्रदर्शन इसलिए भी निराशाजनक रहा क्योंकि टीम में कीर्ति मौजूद थीं जो आइची-नागोया एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की ऐतिहासिक महिला टीम की सदस्य थीं। महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में दूसरी वरीयता हासिल करने वाली कीर्ति को क्वार्टर फाइनल में चीन की कम वरीयता प्राप्त शेन जियावेन के खिलाफ 4-6 से उलटफेर का सामना करना पड़ा। रिकर्व वर्ग में भारत के लिए एकमात्र राहत छठी वरीयता प्राप्त पुरुष टीम के रूप में आई।
धामा, मिश्रा और पखाले की तिकड़ी ने शूट-ऑफ में चीनी ताइपे को 30-28 से हराकर कांस्य पदक जीता। इससे पहले मुकाबले के चार सेट का स्कोर 53-50, 51-53, 53-55 और 59-52 रहा था। हांगझोउ में भारत का यह प्रदर्शन आइची-नागोया एशियाई खेलों में उसके ऐतिहासिक अभियान के बाद आया है।
वहां भारत के सभी 12 तीरंदाजों ने पदक जीते थे और देश ने रिकॉर्ड नौ पदक अपने नाम किए थे। एशियाई खेलों में भारत लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के कंपाउंड मिश्रित टीम वर्ग में कोटा हासिल करने वाला पहला देश भी बना था। इस स्पर्धा को पहली बार ओलंपिक में शामिल किया जाएगा।
भारत ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में भी ओलंपिक कोटा हासिल किया था। यह कोटा कुमकुम मोहोड ने एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर दिलाया था।