GJEPC आंकड़े: भारत का Gems and Jewellery निर्यात सितंबर में 9.43 प्रतिशत चढ़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026

रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने बुधवार को कहा कि वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता के बावजूद भारत से रत्न एवं आभूषणों का निर्यात सितंबर में सालाना आधार पर 9.43 प्रतिशत बढ़कर 2.95 अरब डॉलर (28,157.55 करोड़ रुपये) का हो गया। जीजेईपीसी के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 में कुल निर्यात 2.70 अरब डॉलर (23,813.91 करोड़ रुपये) का रहा था। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात सालाना आधार पर 3.07 प्रतिशत बढ़कर 14.30 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 13.87 अरब डॉलर था।

दुबई में स्थिति में सुधार, मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के जरिये बाजार तक बेहतर पहुंच, अमेरिका द्वारा शुल्क में कटौती और हांगकांग, सिंगापुर तथा फ्रांस जैसे प्रमुख बाजारों में अच्छे प्रदर्शन से निर्यात को समर्थन मिला। जीजेईपीसी के चेयरमैन किरीट भंसाली ने बयान में कहा, सितंबर में निर्यात में 9.43 प्रतिशत की वृद्धि और वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 3.07 प्रतिशत की बढ़ोतरी उत्साहजनक है। इससे पता चलता है कि वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता के बावजूद भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात बढ़ रहा है।

जड़े हुए सोने के आभूषणों का निर्यात सितंबर, 2026 में 50.23 प्रतिशत बढ़कर 81.26 करोड़ डॉलर का रहा, जो इस क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के तहत व्यापार तक बेहतर पहुंच और अमेरिका द्वारा शुल्क में कटौती के लाभ के साथ हांगकांग, सिंगापुर तथा फ्रांस जैसे प्रमुख बाजारों में अच्छे प्रदर्शन से निर्यात को बढ़ावा मिला है। भंसाली ने कहा कि सितंबर में सादे सोने के आभूषणों के निर्यात में वृद्धि का एक कारण दुबई में स्थिति का सामान्य होना भी है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि मांग और बाजार की स्थितियां अब भी चुनौतीपूर्ण हैं, खासकर पश्चिम एशिया में, जो सादे सोने के आभूषणों के निर्यात का एक प्रमुख गंतव्य है। आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में तराशे और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात 5.44 प्रतिशत घटकर 129.33 करोड़ डॉलर (12,335.79 करोड़ रुपये) का रह गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 136.76 करोड़ डॉलर (12,076.35 करोड़ रुपये) रहा था। वहीं, प्रयोगशाला में तैयार और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात सितंबर में 40.72 प्रतिशत बढ़कर 15.14 करोड़ डॉलर (1,445.53 करोड़ रुपये) हो गया।

सितंबर 2025 में यह 10.76 करोड़ डॉलर (950.58 करोड़ रुपये) था। इस बीच, चांदी के आभूषणों का निर्यात सालाना आधार पर 12.49 प्रतिशत घटकर 13.44 करोड़ डॉलर (1,285.01 करोड़ रुपये) का रह गया। पिछले साल सितंबर में यह 15.36 करोड़ डॉलर (1,356.77 करोड़ रुपये) का हुआ था।

प्रमुख खबरें

जनप्रतिनिधि के रूप में 25 साल पूरे होने पर Rajasthan Cabinet ने PM Narendra Modi को दी बधाई

SEBI ने Rajesh Exports और चेयरमैन पर लगाया प्रतिबंध रखा बरकरार, वित्तीय गड़बड़ी का मामला

IDBI Bank में हिस्सेदारी बिक्री Modi Govt का 13वां रणनीतिक विनिवेश होगा

Hyundai Motor India पुणे संयंत्र में करेगी ₹4,000 करोड़ का नया निवेश