SKM 26 नवंबर को करेगा देशव्यापी आंदोलन, MSP गारंटी समेत कई मांगों पर 100 जगहों पर प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने सोमवार को 26 नवंबर को होने वाले अपने राष्ट्रव्यापी आंदोलन के कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की। संगठन ने बताया कि किसान देश भर में लगभग 100 जगहों पर प्रदर्शन करेंगे और जिला कलेक्टरों के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपेंगे। दिल्ली में मंदिर मार्ग से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला जाएगा, जबकि हरियाणा के किसान बहादुरगढ़ में एकत्र होंगे और वहां से टिकरी बॉर्डर की ओर मार्च करेंगे।

ये प्रदर्शन 26 नवंबर 2020 से शुरू हुए किसान आंदोलन के छह साल पूरे होने के मौके पर किए जाएंगे। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में मांगपत्र का मसौदा जारी करते हुए एसकेएम ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को नौ दिसंबर 2021 को किसानों को दिए गए लिखित आश्वासनों को पूरा करना चाहिए। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ करीब एक साल तक चले आंदोलन को वापस लेने के बाद सरकार ने ये आश्वासन दिए थे।

बाद में तीनों कृषि कानूनों को निरस्त कर दिया गया था। किसानों की प्रमुख मांगों में सभी फसलों के लिए ‘सी2+50 प्रतिशत’ फार्मूले के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और सुनिश्चित खरीद, व्यापक कर्ज माफी, चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने तथा बिजली के निजीकरण, बीजों और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में संशोधन से संबंधित कानूनों को वापस लेना शामिल है। ‘सी2+50 प्रतिशत’ फार्मूला किसानों को उनकी फसल की उत्पादन लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत मुनाफा देने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने का एक तरीका है।

इसकी सिफारिश कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन की अध्यक्षता वाले राष्ट्रीय किसान आयोग ने की थी। प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेता युद्धवीर सिंह ने कहा कि छोटी जोत वाले भारतीय किसान अमेरिका के बड़े कृषि उत्पादकों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत के करीब 85 प्रतिशत किसानों के पास एक हेक्टेयर से कम जमीन है।

ऐसे में उनसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा की उम्मीद कैसे की जा सकती है, जबकि उनमें से कई को घरेलू मंडियों में भी अपनी उपज बेचने में परेशानी होती है। सिंह ने कहा, भारतीय किसानों से अमेरिका के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए तैयार रहने को कहना किसी मजाक से कम नहीं है।

प्रमुख खबरें

पूर्व सीएम Arjun Munda की मां सायरा मुंडा का 92 वर्ष की उम्र में निधन

EPG Report अब प्रासंगिक नहीं, India-Nepal रिश्ते Vision Document से तय होंगे: विदेश सचिव

Aparna Yadav ने Azam Khan पर साधा निशाना, रिहाई के सवाल पर कहा- ऐसे असुरों की बात नहीं करनी चाहिए

राधे-राधे अभिवादन पर Lucknow में BJP और SP के बीच पोस्टर वॉर तेज