विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 03, 2021

अहमदाबाद। पिछले दो मैचों में दबदबा बनाने में सफल रहा भारत गुरुवार से यहां शुरू हो रहे चौथे और अंतिम टेस्ट में एक बार फिर स्पिन की अनुकूल पिच पर इंग्लैंड के खिलाफ कोई रहम नहीं दिखाते हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में क्वालीफाई करके के लक्ष्य के साथ उतरेगा। भारतीय टीम श्रृंखला में 2-1 से आगे चल रही और अगर विराट कोहली की टीम अंतिम टेस्ट ड्रॉ भी करा लेती है तो जून में लार्ड्स में होने वाले फाइनल में जगह बना लेगी जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। इंग्लैंड की टीम फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है लेकिन अगर अंतिम टेस्ट में जीत दर्ज करती है तो फिर भारत को भी खिताबी मुकाबले से बाहर कर देगी और टिम पेन की अगुआई वाली आस्ट्रेलिया की टीम को इस मुकाबले में खेलने का मौका मिलेगा। इस तरह के मैच में ड्रॉ हमेशा सुरक्षित विकल्प होता है लेकिन आक्रामक रवैया अपनाने वाले कोहली और कोच रवि शास्त्री रक्षात्मक रवैया नहीं अपनाना चाहेंगे क्योंकि ऐसा करना कभी कभी भारी भी पड़ जाता है।

भारतीय स्पिनरों ने पहले तीन टेस्ट में इंग्लैंड के 60 में से 49 विकेट चटकाए हैं और लोगों को पता है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अंतिम टेस्ट में वे क्या उम्मीद कर सकते हैं। कोहली को स्पिनरों के साथ कोई शिकायत नहीं है जिन्होंने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया है। उन्हें हालांकि बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भारतीय बल्लेबाज अब तक श्रृंखला में दबदबा बनाने में नाकाम रहे हैं और उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। रोहित शर्मा ने श्रृंखला में अब तक 296 रन बनाए हैं जो दूसरे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अश्विन के 176 रन के आंकड़े से 120 रन अधिक हैं। अश्विन ने चेपक की मुश्किल पिच पर शतक जड़ा था। रोहित के अलावा भारत का कोई बल्लेबाज अब तक स्पिन की अनुकूल पिचों पर आत्मविश्वास के साथ नहीं खेल पाया है। कोहली ने दो अर्धशतक जड़े हैं लेकिन अब तक गेंदबाजों पर दबदबा बनाने वाली पारी नहीं खेल पाए हैं जिसके लिए वह जाने जाते हैं। अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल तीन टेस्ट मैचों में सिर्फ एक-एक अच्छी पारी खेल पाए हैं।

इसे भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान ने विराट कोहली को बताया आधुनिक युग का हीरो

भारतीय टीम अंतिम मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना उतरेगी और ऐसे में उमेश यादव की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है। ये देखना होगा कि उनके जोड़ीदार इशांत शर्मा होंगे या मोहम्मद सिराज। इंग्लैंड की लचर बल्लेबाजी में खराब टीम चयन का भी हाथ रहा है। कप्तान जो रूट (333 रन) ने पहले टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा लेकिन उनके और दूसरे सर्वोच्च स्कोर बने स्टोक्स (146) के बीच 187 रन का अंतर है। रूट ने तीसरे टेस्ट में गेंदबाजी में भी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आठ रन देकर पांच विकेट चटकाए थे। टीम अंतिम टेस्ट में दो विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतर सकती है। बायें हाथ के स्पिनर जैक लीच (16 विकेट) ने प्रभावित किया है लेकिन उनकी अपनी सीमाएं हैं और वह अक्षर की तुलना में औसत 10 किमी प्रतिघंटा कम की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। एक बार फिर स्पिन की अनुकूल पिच की संभावना को देखते हुए उन्हें डॉम बेस का साथ मिल सकता है। बेस ने चेन्नई में पहले टेस्ट में प्रभावित किया था लेकिन इसके बाद उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

टीमें इस प्रकार हैं: भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, रिद्धिमान साहा, मयंक अग्रवाल, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और लोकेश राहुल। इंग्लैंड: जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, डोमिनिक बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जैक क्रॉली, बेन फोक्स, डैन लॉरेंस, जैक लीच, ओली पोप, डोम सिबली, बेन स्टोक्स, ओली स्टोन, क्रिस वोक्स और मार्क वुड। समय: मैच सुबह नौ बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

PSL 2024 में बड़ा बवाल, Shaheen Afridi ने तोड़ा Security Protocol, लगा 10 लाख का जुर्माना

IPL 2026 में Rajasthan का Royal आगाज़, Chennai को हराकर बाकी टीमों को दी बड़ी चेतावनी

West Asia में तनाव से Asian Stock Market क्रैश, Investors में दहशत, 2022 के बाद सबसे बड़ी गिरावट

Hormuz Strait में फंसे भारत आ रहे 28 जहाज, गहराया Energy Crisis, सैकड़ों नाविकों की सुरक्षा दांव पर।