Asian Para Games में 100 पदक जीतने का लक्ष्य, कोच Satyanarayana को एथलीटों पर पूरा भरोसा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026

पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने खिलाड़ियों की तैयारियों और उनके जज्बे पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य यहां एशियाई पैरा खेलों में 100 पदक जीतना है। खेलों का आधिकारिक आगाज रविवार को हुआ लेकिन बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बोकिया सहित कुछ स्पर्धाएं कुछ दिन पहले ही शुरू हो गई हैं। भारत ने 2023 में हांगझोउ में हुए पिछले एशियाई पैरा खेलों में रिकॉर्ड 111 पदक जीते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम भारत के लिए लगभग 100 पदक जीतने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं और हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ियों में इसे हासिल करने की क्षमता और दृढ़ संकल्प है। पदक अभियान में पैरा एथलेटिक्स की अहम भूमिका होगी। हमें कल एथलेटिक्स में छह पदक जीतने की उम्मीद है, जिनमें दो से तीन स्वर्ण पदक हो सकते हैं।’’ पैरा ऊंची कूद के खिलाड़ी और दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता निषाद कुमार की तैयारियों पर भी कोच ने भरोसा जताया।

सत्यनारायण ने कहा, ‘‘निषाद कुमार भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और संभव है कि खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ दें। हमारे अभियान की मजबूत शुरुआत के लिए ये अहम अवसर हैं।’’ उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।

कोच ने कहा, ‘‘प्रतियोगिता कड़ी होगी, क्योंकि पूरे एशिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन हमारे खिलाड़ी अच्छी तरह तैयार हैं और अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन करने, पदक जीतने तथा देश को गौरवान्वित करने पर ध्यान दे रहे हैं।’’ सत्यनारायण ने नागोया में खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं पर भी संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सुविधाओं, आवास और अन्य सहयोग से टीम को सकारात्मक माहौल मिला है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय दल के खिलाड़ी यहां की व्यवस्थाओं से बेहद खुश हैं। सुविधाओं, रहने की व्यवस्था और यहां मिल रहे सहयोग से टीम के लिए अच्छा माहौल बना है। खिलाड़ी सहज महसूस कर रहे हैं, उनका मनोबल ऊंचा है और वे अपनी स्पर्धाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।’’ भारतीय दल में भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल, पैरा बैडमिंटन चैंपियन प्रमोद भगत, पैरा निशानेबाज अवनि लेखरा, पैरा तीरंदाज शीतल देवी और धाविका सिमरन शर्मा सहित कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

देशभर में 21 अक्टूबर को पहली बार मनाया जा सकता है Police Flag Day

Delhi MACT ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले DDA इंजीनियर के परिजनों को दिलाया ₹1.43 करोड़ मुआवजा

सड़क मंत्रालय ने Highway Projects में गंभीर हादसों पर दो निर्माण कंपनियों पर लगाया कड़ा नियम

Prabhas की Spirit अब Diwali 2027 पर होगी रिलीज, Ramayana Part 2 से बड़ा क्लैश