By अभिनय आकाश | Dec 06, 2025
भारत और अमेरिका अपने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के शुरुआती चरण पर काम में तेज़ी लाने के लिए 10 दिसंबर को नई दिल्ली में चर्चा शुरू करने वाले हैं। हालाँकि इसे औपचारिक वार्ता दौर नहीं माना जाएगा, लेकिन उम्मीद है कि इन बैठकों में समझौते को अंतिम रूप देने के लिए ज़रूरी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। इस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अमेरिका के उप-व्यापार प्रतिनिधि रिक स्वित्ज़र करेंगे। भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद के कारण कई भारतीय निर्यातों पर 25 प्रतिशत टैरिफ और 25 प्रतिशत अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाए जाने के बाद से यह अमेरिका का दूसरा दौरा है।
यह चर्चाएँ और भी महत्वपूर्ण हो जाती हैं क्योंकि वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने हाल ही में कहा था कि भारत वर्ष के अंत से पहले अमेरिका के साथ एक रूपरेखा व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने को लेकर आशावादी है। इस तरह के एक रूपरेखा समझौते से भारतीय निर्यातकों को प्रभावित करने वाली टैरिफ बाधाओं में कमी आने की उम्मीद है।