डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा: पीएम मोदी ने कहा भारत रोकेगा रूसी तेल खरीद, क्या दिल्ली बदलेगी नीति?

By रेनू तिवारी | Oct 16, 2025

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे कहा है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। ट्रम्प ने इस कदम को मास्को को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के प्रयासों में एक "बड़ा कदम" बताया।

वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के कार्यालय ने इस संबंध में टिप्पणी करने के अनुरोध का अभी कोई जवाब नहीं दिया है। ट्रंप यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने में अपनी असमर्थता के कारण निराश हैं। इस युद्ध की शुरुआत लगभग चार साल पहले रूस के आक्रमण से हुई थी।

उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति असंतोष व्यक्त किया है, जिन्हें वह सुलह की राह में सबसे बड़ी बाधा बताते रहे हैं। ट्रंप का शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलने का कार्यक्रम है। चीन के बाद भारत रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है और ट्रंप ने इसके दंड के तौर पर अगस्त में भारत पर शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था।

भारत महान देश, मेरे अच्छे मित्र उसका नेतृत्व कर रहे हैं: ट्रंप  

ट्रंप के इस बयान से पहले उन्होंने भारत की तारीफ की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना उनकी प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘भारत महान देश है, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं।’’ ट्रंप ने गाजा में इजराइल-हमास के बीच करीब दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए युद्ध विराम पर बनी सहमति के बाद मिस्र के शर्म अल शेख शहर में विश्व नेताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि ‘‘भारत और पाकिस्तान एक साथ बहुत अच्छी तरह से रहेंगे’’।

ट्रंप ने अपने पीछे खड़े पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर देखते हुए कहा, ‘‘भारत महान देश है और मेरे बहुत अच्छे मित्र उसका नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने शानदार काम किया है। मुझे लगता है कि पाकिस्तान और भारत साथ मिलकर बहुत अच्छे से रहेंगे।’’ इससे पहले शरीफ और पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की प्रशंसा करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को सभा को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया। शरीफ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के अथक प्रयासों के बाद पश्चिम एशिया में शांति स्थापित हुई है।

इसे भी पढ़ें: RBI की धमाकेदार एंट्री से चमका रुपया, डॉलर के मुकाबले 4 महीने की सबसे बड़ी मजबूती।

ट्रंप अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच के विवाद समेत सात विवादों को सुलझाने का दावा करते रहे हैं। हालांकि, अब उन्होंने इजराइल-गाजा विवाद को जोड़कर यह संख्या आठ कर दी है। ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान ‘‘पूर्ण और तत्काल’’ संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें: भारत मे EV सब्सिडी के खिलाफ चीन ने की WTO में शिकायत, दोनो देशों के बीच विवाद गहराया

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दर्जनों बार अपना यह दावा दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष का ‘समाधान’ करने में मदद की है। भारत ने लगातार यह कहा है कि पाकिस्तान के साथ संघर्ष समाप्त करने पर सहमति दोनों सेनाओं के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधी बातचीत के बाद बनी थी।

प्रमुख खबरें

Venezuela में ONGC के लिए खुला कमाई का रास्ता, US Sanctions हटने के बाद भारत की Crude Oil सप्लाई में होगा बड़ा सुधार

Middle East Crisis के बीच India का बड़ा कदम, LPG Shortage रोकने को पहली बार Refineries के लिए तय हुए उत्पादन लक्ष्य

NTA Big Decision: तीन विषयों की UGC-NET परीक्षा 9-10 सितंबर को दोबारा होगी, अभ्यर्थियों को नहीं देनी होगी Extra Fees

Steve Smith ने 42 टेस्ट पहले ही तोड़ा Joe Root का दबदबा, मगर Bangladesh के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया पर हार का साया