बढ़े आत्मविश्वास के साथ अफगानिस्तान से भिड़ेगा भारत, सुनील छेत्री बड़ी उपलब्धि के करीब

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 14, 2021

दोहा। भारतीय फुटबॉल टीम विश्व कप 2022 और एशियाई कप 2023 क्वालीफायर्स में मंगलवार को यहां जब अफगानिस्तान का सामना करेगी तो गोल मशीन सुनील छेत्री की निगाह एक और गोल करके विश्व में सर्वाधिक गोल करने वाले फटबॉलरों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल होने पर टिकी रहेगी। ओमान की अफगानिस्तान पर शुक्रवार को 2—1 से जीत के बाद भारत को अब एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर्स के तीसरे दौर में पहुंचने के लिये इस मैच में केवल ड्रा की जरूरत है। छेत्री यदि मैच में हैट्रिक बना देते हैं तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में महान पेले की बराबरी कर लेंगे।

इसे भी पढ़ें: विदेश जाने वाले छात्रों, खिलाड़ियों व अन्य के लिए दिल्ली सरकार ने स्थापित किया टीकाकरण केंद्र

भारतीय टीम यदि अगले मैच में हार टाल देती है तो वह ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहकर अभियान का अंत करेगा। यह पिछली बार के पांचवें स्थान से बेहतर परिणाम होगा। भारत विश्व कप क्वालीफाईंग से पहले ही बाहर हो चुका है और उसकी निगाह 2023 में चीनमें होने वाले एशियाई कप में जगह बनाने पर टिकी है। भारतीय टीम इस मैच में बढ़े आत्मविश्वास और जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। बांग्लादेश के खिलाफ जीत से इगोर स्टिमक की कोचिंग वाली टीम का मनोबल बढ़ा है। उस मैच में शुरू से लेकर आखिर तक भारत ने दबदबा बनाये रखा था। भारत को यदि अपने प्रदर्शन दोहराना है तो अग्रिम पंक्ति में छेत्री और मनवीर सिंह तथा मध्यपंक्ति में ब्रैंडन फर्नाडिस को अच्छा खेल दिखाना होगा। स्टिमक का फर्नाडिस पर बहुत भरोसा है जिन्होंने खुद को देश के सर्वश्रेष्ठ प्लेमेकर के रूप में स्थापित किया है। भारत ने क्वालीफाईंग दौर में जो पांच गोल किये हैं उनमें से तीन में उन्होंने मदद पहुंचायी।

फार्म और पिछला रिकार्ड दोनों भारत के पक्ष में हैं और वे जीत से कम पर संतुष्ट नहीं होंगे। जहां तक अफगानिस्तान का सवाल है तो वह भारत के खिलाफ पिछले मैच से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगा जो गोलरहित छूटा था। ओमान से हार के कारण यह तय हो गया है कि अफगानिस्तान विश्व कप क्वालीफायर्स की शीर्ष चार टीमों में जगह नहीं बना पाएगा तथा भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं करने पर वह एशियाई क्वालीफायर्स के तीसरे दौर में जगह बनाने के लिये प्लेऑफ में चला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Nagaon Lok Sabha Bypoll: BJP प्रत्याशी देवाशीष शर्मा बदरुद्दीन अजमल से 1.46 लाख मतों से आगे

Salman Khan ने लॉन्च किया अपना यूट्यूब चैनल, फैंस के लिए क्या होगा खास?

Zubeen Garg केस में अमृत प्रभा को मिली जमानत, लंबी सुनवाई के बाद गुजरात HC ने सुनाया फैसला

Navratri Recipes 2026: व्रत में साबूदाना खिचड़ी से हटकर खाएं कुछ नया, ट्राई करें दही और शकरकंद की ये चटपटी चाट