भारतीय बल्लेबाजों ने टेके घुटने, न्यूजीलैंड की दस विकेट से बड़ी जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 24, 2020

वेलिंगटन। भारतीय बल्लेबाजों ने विपरीत परिस्थितियों में फिर से आसानी से घुटने टेक दिये जिससे न्यूजीलैंड ने सोमवार को यहां पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में चौथे दिन पहले सत्र में ही दस विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने सुबह अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 144 रन से आगे बढ़ायी लेकिन उसकी पूरी टीम 81 ओवर में 191 रन पर ढेर हो गयी। यह पहली पारी के उसके प्रदर्शन से थोड़ा अच्छा था लेकिन इतना बेहतर नहीं था कि कीवी टीम के लिये कोई चुनौती पेश कर सके। भारत ने पहली पारी में 165 रन बनाये थे। टिम साउदी (61 रन देकर पांच) और ट्रेंट बोल्ट (39 रन देकर चार) की जोड़ी ने दिखाया कि उनकी सीम और स्विंग के सामने भारत की मशहूर बल्लेबाजी लाइन अप में भी काफी सुधार की जरूरत है। न्यूजीलैंड के सामने नौ रन का लक्ष्य था जो उसने 1.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर दिया और इस तरह से टेस्ट क्रिकेट में अपनी 100वीं जीत दर्ज की। भारत को टेस्ट मैचों में आखिरी हार 2018-19 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में मिली थी लेकिन बेसिन रिजर्व की पराजय से वह अधिक आहत हुआ क्योंकि हाल में कभी उसकी टीम ने इस तरह से घुटने नहीं टेके थे। 

इसे भी पढ़ें: कोहली पर अंकुश लगाने के लिए शार्ट गेंदबाजी की रणनीति अपनाना चाहते थे: बोल्ट

बोल्ट ने रहाणे को आफ स्टंप से बाहर की गेंद को खेलने के लिये मजबूर किया जो बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर बीजे वाटलिंग के दस्तानों में पहुंची। इसके बाद साउदी ने खूबसूरत आउटस्विंगर पर विहारी का विकेट थर्राया। चौथे दिन 20 मिनट के अंदर स्विंग के सुल्तानों ने भारत के दोनों भरोसेमंद बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की बड़ी जीत सुनिश्चित कर दी थी। ऋषभ पंत (41 गेंदों पर 25) ने कुछ योगदान दिया जिससे भारत पारी की हार बचाने में सफल रहा लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई मदद नहीं मिली। इशांत शर्मा ने 12 रन बनाये। पंत ने साउदी की गेंद पर स्लॉग स्वीप शाट से डीप मिडविकेट पर कैच दिया।साउदी ने इसी ओवर में जसप्रीत बुमराह को आउट करके भारतीय पारी का अंत किया और अपने करियर में दसवीं बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। न्यूजीलैंड के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अब 120 अंक हो गये हैं। भारत अब भी 360 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। 

प्रमुख खबरें

Vinesh Phogat का मामला PM Modi तक पहुंचा, Sakshi Malik ने की निष्पक्ष Trial की अपील

Uday Kotak की बड़ी चेतावनी, America-Iran तनाव से भारत में जल्द फूटेगा महंगाई का बम

Stock Market में बड़ी गिरावट, Midcap-Smallcap शेयरों में सुनामी, Investors के लाखों करोड़ स्वाहा

डॉ. हरवंश चावला के नेतृत्व में BRISEC Chamber का बड़ा लक्ष्य, Global Partnership पर होगा फोकस