By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 13, 2021
नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी के कारण लंबे विश्राम के बाद भारतीय मुक्केबाज अगले दो महीनों में यूरोप में विभिन्न टूर्नामेंटों में हिस्सा लेंगे जिसकी शुरुआत बुल्गारिया में स्ट्रैंडजा मेमोरियल से होगी। भारतीय मुक्केबाजी के हाई परफोरमेन्स निदेशक सैंटियागो नीवा ओलंपिक खेलों के लिये अच्छी तैयारी चाहते हैं और इसलिए वह तोक्यो में होने वाले खेलों से पहले राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन भी चाहते हैं। नीवा ने कहा, ‘‘इस साल हम बुल्गारिया में स्ट्रैंडजा मेमोरियल से शुरुआत करेंगे और इसके बाद उम्मीद है कि हंगरी में और उसके बाद एक और टूर्नामेंट होगा। इसके अलावा हम बेंगलुरू में राष्ट्रीय शिविर में रहेंगे और हो सकता है कि कुछ विदेशी टीमों को आमंत्रित करें। ’’ स्ट्रैंडजा मेमोरियल यूरोपीय सर्किट का सबसे पुराना मुक्केबाजी टूर्नामेंट है।