NFL के दीवाने हुए अमेरिका में बसे प्रवासी भारतीय, स्टेडियम में खरीद रहे महंगे सुइट्स

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

(विजय जोशी) फॉक्सबोरो (मैसाचुसेट्स), नौ नवंबर रविवार की दोपहर है और पालाकुर्थी परिवार एक बहुप्रतीक्षित मुकाबले के लिए तैयार हो रहा है। लेकिन यह क्रिकेट नहीं है। यह दरअसल अमेरिका का सबसे लोकप्रिय जुनून यानी अमेरिकी फुटबॉल है।

ऐसा खेल जिसे अमेरिका से बाहर के ज्यादातर लोग ठीक से समझ नहीं पाते और उनके लिए यह महज ताकतवर खिलाड़ियों का एक-दूसरे पर टूट पड़ने वाला खेल है। पिछले 30 वर्षों से इस खेल को देख रहे सेवानिवृत्त उद्यमी 64 वर्षीय प्रशांत पालाकुर्थी ने कहा, ‘‘सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। फुटबॉल दिमाग और ताकत का बेहतरीन संतुलन है।

यह असाधारण रणनीति वाला खेल है।’’ अमेरिका में भारतीय समुदाय के बीच इस खेल के अप्रत्याशित रूप से बड़ी संख्या में प्रशंसक बन गए हैं। इनमें पहली से लेकर तीसरी पीढ़ी तक के भारतीय शामिल हैं। इनमें से कुछ अपनी पसंदीदा टीम का समर्थन करने और उनके मुकाबले देखने के लिए काफी दूर तक जाते हैं और इस पर भारी रकम भी खर्च करते हैं।

इस खेल के प्रति उनका जुनून भारत में आईपीएल की चेन्नई सुपरकिंग्स या मुंबई इंडियंस जैसी टीम के लिए दिखने वाले दीवानेपन से कम नहीं है। ‘चलो-चलो, चलते हैं!’ पालाकुर्थी ने अपने परिवार को आवाज लगाई। इसके बाद परिवार के सदस्य तीन कारों में सवार होकर बोस्टन के उपनगर वेस्टन से 45 किलोमीटर (27 मील) दूर फॉक्सबोरो स्थित जिलेट स्टेडियम के लिए रवाना हुए।

यहां उनकी पसंदीदा टीम न्यू इंग्लैंड पैट्रियट्स का मुकाबला विस्कॉन्सिन राज्य की ग्रीन बे पैकर्स से था। वर्ष 1996 में अमेरिका आए पहली पीढ़ी के प्रवासी पालाकुर्थी ने सबसे पहले अपनी पत्नी अनुराधा को इस खेल के प्रति अपने जुनून से जोड़ा। उनके दो बच्चों की परवरिश ही फुटबॉल देखते हुए हुई।

उनके दामाद, बहू, दो बहनें और उनके परिवार भी पैट्रियट्स के प्रशंसक हैं। पालाकुर्थी के पैट्रियट्स प्रशंसक परिवार में सबसे नए सदस्य उनकी दो पोतियां हैं। इनमें से एक ने रविवार को मैच के दौरान अपना पहला जन्मदिन मनाया और इस मौके पर उसने पैट्रियट्स की गहरे नीले रंग की जर्सी पहन रखी थी।

अमेरिका के लिए यह खेल वही मायने रखता है जो भारत के लिए क्रिकेट। यहां मुकाबले केवल खेल नहीं बल्कि एक भव्य नजारा भी होते हैं। आईपीएल मुकाबलों की तरह इनमें आतिशबाजी, चीयरलीडर्स और यहां तक कि वायुसेना के विमानों का ‘फ्लाई पास्ट’ भी देखने को मिलता है।

खिलाड़ियों को भारी वेतन मिलता है और शीर्ष खिलाड़ी सालाना छह करोड़ डॉलर तक कमाते हैं। लेकिन भारतीयों को इस खेल से प्यार क्यों और कैसे होता है जबकि यह उनके लिए इतना अनजान है? सबसे पहले तो खेल इंसान की एक बुनियादी जरूरत पूरी करता है।

दुनिया भर में लोग या तो कोई खेल खेलते हैं या कम से कम किसी टीम का समर्थन जरूर करते हैं। जब भारतीय अमेरिका जाते हैं तो स्वाभाविक रूप से वे भी किसी खेल से जुड़ने का रास्ता तलाशते हैं। अरुण संथानम 1993 में अमेरिका आए थे।

यहां उन्हें तीन प्रमुख खेलों के विकल्प मिले- बेसबॉल, बास्केटबॉल और अमेरिकी फुटबॉल। संथानम ने कहा, ‘‘अगर आप क्रिकेट के प्रशंसक हैं तो बेसबॉल आपको कभी पसंद नहीं आएगा। यह उससे बहुत घटिया है।

बास्केटबॉल का रोमांच भी केवल आखिरी कुछ मिनटों में आता है इसलिए वह भी विकल्प नहीं रहा। आखिर में मेरे पास सिर्फ फुटबॉल बचा।’’ उन्होंने कहा कि इस खेल की बारीकियां समझने में थोड़ा समय लगा लेकिन जब उन्होंने इसे समझ लिया तो वह इसके दीवाने हो गए। उनका कहना है कि वह जितने भी भारतीयों को जानते हैं, उनमें से लगभग सभी अमेरकी फुटबॉल के प्रशंसक हैं।

वे अपनी टीम का पूरी शिद्दत से समर्थन करते हैं। ये टीमें आमतौर पर किसी खास राज्य से जुड़ी होती हैं। यह खेल सहकर्मियों के साथ जुड़ने का भी एक अच्छा माध्यम है और सामाजिक संबंध बनाने में मदद करता है।

सोमवार की सुबह कार्यालयों में सहकर्मी रविवार को हुए मुकाबले पर काफी समय तक चर्चा करते हैं। इस परंपरा को ‘मंडे मॉर्निंग क्वार्टरबैकिंग’ कहा जाता है। पड़ोसी भी बारबेक्यू और फुटबॉल देखने के लिए सामूहिक आयोजन करते हैं।

पालाकुर्थी की पत्नी अनुराधा ने कहा, ‘‘अमेरिका में इस खेल से नफरत करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है। इसे पसंद करना कहीं ज्यादा आसान है।’’ पालाकुर्थी इसे ‘‘दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खेल’’ बताते हैं। उनका कहना है कि यह एकमात्र ऐसा खेल है जिसमें मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के सभी 11 खिलाड़ी हर समय प्रतिद्वंद्वी टीम के 11 खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इस खेल का संचालन मैदान के बाहर से कोच करता है। वह ईयरपीस के जरिए क्वार्टरबैक को रणनीति से जुड़े सटीक निर्देश देता है। क्वार्टरबैक मैदान पर रणनीति को लागू कराने में अहम भूमिका निभाता है।

इस खेल के नियम जितने जटिल हैं, इसका प्रबंधन भी उतना ही पेचीदा है। प्रत्येक टीम में करीब 65 खिलाड़ी होते हैं, लेकिन मुकाबले के दौरान 48 खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा जाता है। इनमें 11 आक्रमण करने वाले खिलाड़ी होते हैं जो टीम के पास अंडाकार गेंद होने पर खेलते हैं।

11 रक्षात्मक खिलाड़ी प्रतिद्वंद्वी टीम से गेंद छीनने की कोशिश करते हैं जबकि 11 विशेष खिलाड़ी पंटिंग, किकिंग और फील्ड गोल जैसी जिम्मेदारियां निभाते हैं। इन 33 खिलाड़ियों के अलावा 15 स्थानापन्न खिलाड़ी होते हैं जिन्हें मुकाबले के दौरान बार-बार इस्तेमाल किया जाता है। इसे इस तरह समझा जा सकता है कि जैसे किसी क्रिकेट टीम में 11 बल्लेबाज, 11 गेंदबाज, 11 क्षेत्ररक्षक और 15 स्थानापन्न खिलाड़ी हों।

टेलीविजन पर मुकाबला देखना सबसे सस्ता विकल्प है। क्रिकेट की तरह इसमें भी हर मूव का नजदीकी दृश्य देखने को मिलता है। हालांकि स्टेडियम में बैठकर मैच देखने का रोमांच और व्यापक अनुभव अलग ही होता है।

लेकिन इसके लिए प्रति व्यक्ति सभी 20 मैच के सत्र का पास खरीदने पर 20 हजार डॉलर तक खर्च करने पड़ सकते हैं। बेहद अमीर और विशिष्ट वर्ग के लोग स्टेडियम में निजी सुइट भी खरीदते हैं जिनकी कीमत काफी अधिक होती है। अनुराधा पालाकुर्थी न्यू इंग्लैंड की जानी-मानी गायिका हैं और बॉलीवुड में भी उनकी पहचान है।

जिलेट स्टेडियम में उनके पास 18 सीट वाला वातानुकूलित और गर्म रखने की सुविधा से युक्त निजी सुइट है जहां वह अपने पति के साथ परिवार और दोस्तों को लेकर आती हैं। यह सुइट स्टेडियम की मध्य रेखा के ठीक ऊपर स्थित है। इसमें खिसकने वाली खिड़की, बाथरूम, कॉफी बार और फ्रिज की सुविधा भी है।

अनुराधा ने कहा, ‘‘संगीत के बाद फुटबॉल मेरा दूसरा सबसे बड़ा जुनून है। अमेरिकी फुटबॉल एक सुव्यवस्थित उद्योग है। नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) के तहत देशभर में 32 टीम हैं।

इन टीम में कॉलेजों से खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। अमेरिका के कुछ कॉलेज अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों से ज्यादा खेलों में अपने प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। हर साल एनएफएल की टीमें एक व्यवस्थित चयन प्रक्रिया के तहत कॉलेज फुटबॉल के करीब 220 से 250 खिलाड़ियों को चुनती हैं।

इस प्रक्रिया में पिछला सत्र सबसे खराब रिकॉर्ड के साथ समाप्त करने वाली टीम को कॉलेज फुटबॉल का सबसे बेहतर उपलब्ध खिलाड़ी चुनने का पहला मौका मिलता है जबकि शीर्ष टीम को सबसे आखिर में खिलाड़ी चुनना पड़ता है। भारतीय प्रशंसकों के अलावा फुटबॉल से भारत का बहुत ज्यादा जुड़ाव नहीं है। हालांकि तीन नवंबर को हुए हालिया मध्यावधि चुनाव में भारतीय मूल के उम्मीदवार अमीश शाह ने एरिजोना में कांग्रेस की एक सीट के मुकाबले में पूर्व एनएफएल खिलाड़ी जे फीली को हराया था।

उल्लेखनीय है कि शाह पहले एनएफएल की न्यूयॉर्क जेट्स टीम के साथ काम कर चुके हैं। न्यू इंग्लैंड पैट्रियट्स को 2000 और 2010 के दशक की शुरुआत में एनएफएल की सबसे प्रभावशाली टीमों में गिना जाता था। टीम ने नौ बार सुपर बाउल में जगह बनाई जो हर साल होने वाला अमेरिकी फुटबॉल का सबसे बड़ा मुकाबला है।

उस दौर में टीम की अगुआई क्वार्टरबैक टॉम ब्रैडी करते थे जिन्हें अक्सर अमेरिकी फुटबॉल का डॉन ब्रैडमैन कहा जाता है। वर्ष 2023 में खेल से संन्यास लेने के बाद टेलीविजन कमेंटेटर बने ब्रैडी पहली बार अपने पूर्व घरेलू मैदान जिलेट स्टेडियम पहुंचे। वह फॉक्स टेलीविजन के लिए कमेंट्री कर रहे थे।

लेकिन उन्हें अपनी पूर्व टीम को ग्रीन बे पैकर्स के हाथों 27-45 से करारी हार झेलते हुए देखना पड़ा।

प्रमुख खबरें

Mansukh Mandaviya ने जारी किया Khelo India Youth Games 2026 शेड्यूल, तेलंगाना बना मेजबान

Delhi Narela Firecracker Tragedy | दिल्ली में आतिशबाजी के दौरान दर्दनाक हादसा: नरेला में हाथ में अनार फटने से 10 साल के बच्चे की मौत

EVM में खराबी और फर्जी वोटर, Gaurav Gogoi ने चुनाव में धांधली के 10 तरीके गिनाए

Punjab में दिवाली पर पराली जलाने के 1,152 नए मामले, इस सीजन एक दिन में सबसे बड़ा आंकड़ा