भारतीय पुरूष टीम की नजरें थॉमस कप खिताब बरकरार रखने पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2024

चेंगडू। भारतीय पुरूष बैडमिंटन टीम शनिवार से शुरू हो रहे थॉमस कप में एकल खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के दम पर खिताब बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी जबकि उबेर कप में पी वी सिंधू के बिना युवा महिला टीम की नजरें भी अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ने पर लगी होंगी। दो साल पहले भारत ने पहली बार थॉमस कप जीतकर तहलका मचा दिया था। पुरूष वर्ग में यह टूर्नामेंट टीम विश्व चैम्पियनशिप की तरह है। अपेक्षाओं के दबाव के बिना भारत ने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों को हराकर भारतीय बैडमिंटन के इतिहास का सुनहरा अध्याय लिखा। अब एक बार फिर उन पर इस प्रदर्शन को दोहराने का दबाव होगा। 

दो साल पहले निर्णायक पांचवां एकल मुकाबला जीतने वाले प्रणय इस सत्र के पहले हाफ में फिटनेस समस्याओं से जूझने के बाद आये हैं। उन्होंने हालांकि हाल ही में चीन के लू गुआंग जू को हराकर फॉर्म में लौटने के संकेत दिये हैं।लक्ष्य सेन फ्रेंच ओपन और आल इंग्लैंड में सेमीफाइनल तक पहुंचे। दो साल पहले सभी छह मैच जीतने वाले किदाम्बी श्रीकांत 2022 राष्ट्रमंडल खेल और 2023 एशियाई खेलोंमें टीम चैम्पियनशिप फाइनल हार गए थे। तीसरे एकल की जिम्मेदारी प्रियांशु राजावत को भी दी जा सकती है जो बैंकाक में टीम का हिस्सा थे और पिछले साल ओरलियंस सुपर 300 खिताब जीता। 

युगल में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने विश्व टूर पर लगातार चार फाइनल जीते हैं। उनके अलावा ध्रुव कपिला और अर्जुन एमआर दूसरी जोड़ी होगी। उबेर कप में अष्मिता चालिहा भारत की युवा टीम की अगुवाई करेगी। भारत के धुरंधर खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक क्वालीफायर खेलने के लिये इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। भारत को ग्रुप ए में कनाडा, चीन और सिंगापुर के साथ रखा गया है। टीम में चालिहा के अलावा राष्ट्रीय चैम्पियन अनमोल खरब, ईशारानी बरूआ और तन्वी शर्मा हैं।

प्रमुख खबरें

कच्चे तेल में गिरावट से US Dollar के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 95.62 पर बंद

UP FSDA ने 5 जिलों के 7 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की

देश के 23 IIT में 5 साल में 45 छात्रों ने की आत्महत्या, 62 फीसदी से अधिक आरक्षित वर्ग से

बिना पर्ची Antibiotics और दर्द निवारक दवाएं न बेचें, CDSCO ने जारी किया कड़ा निर्देश