मजबूत आर्थिक वृद्धि से भारतीय NBFC का माहौल रहेगा स्थिर, Fitch Ratings का अनुमान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 25, 2026

 मजबूत आर्थिक वृद्धि और अनुकूल नीतियों के कारण भारत में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) का कारोबारी माहौल स्थिर रहने की उम्मीद है। इससे कर्ज की मांग बनी रहेगी और कंपनियों को धन जुटाने की ऊंची लागत के दबाव से राहत मिलेगी। फिच रेटिंग्स ने बुधवार को यह बात कही। फिच ने अनुमान जताया कि महंगाई और ब्याज दरों में मामूली वृद्धि तथा वैश्विक आर्थिक वृद्धि की धीमी रफ्तार के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि दर एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे ऊंची दरों में शामिल रहेगी। वैश्विक रेटिंग एजेंसी ने सितंबर में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था। 

फिच ने अपनी रिपोर्ट दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया की वित्तीय कंपनियों का परिदृश्य 2027 में कहा कि एनबीएफसी का गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात मोटे तौर पर स्थिर रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, इसके पीछे अनुकूल आर्थिक माहौल, कर्ज वितरण में लगातार वृद्धि, आवास ऋण और सोने के बदले दिए जाने वाले ऋण जैसे कम जोखिम वाले सुरक्षित कर्ज की ओर बढ़ता रुझान तथा कर्ज देने से पहले जांच और जोखिम नियंत्रण के कड़े उपाय प्रमुख कारण हैं। 

हालांकि, फिच ने कहा कि लंबे समय से जारी भू-राजनीतिक जोखिमों और 2026 में कमजोर मानसून के कारण छोटी कंपनियों और ग्रामीण क्षेत्रों को दिए जाने वाले कर्ज में निकट भविष्य में कुछ कमजोरी आ सकती है। एजेंसी के मुताबिक, आर्थिक वृद्धि और अनुकूल नीतिगत ढांचे से कर्ज की मांग बनी रहने की उम्मीद है। इससे धन जुटाने की ऊंची लागत का दबाव भी कम होगा।

 फिच ने कहा, मजबूत घरेलू आर्थिक वृद्धि के समर्थन से भारत की वित्तीय कंपनियों के लिए कारोबारी माहौल स्थिर रहने की उम्मीद है। एजेंसी ने कहा कि 2027 में ब्याज दरों में वृद्धि और महंगाई का दबाव कर्ज लेने वालों की किस्त चुकाने की क्षमता को खास प्रभावित नहीं करेगा। इसकी वजह यह है कि एनबीएफसी मुख्य रूप से कम राशि के कर्ज, निश्चित ब्याज दर वाले कर्ज और संपत्ति के बदले दिए जाने वाले कर्ज उपलब्ध कराती हैं।

प्रमुख खबरें

Hyderabad में Kishan Reddy ने शुरू की नशा मुक्त भारत पदयात्रा, अभिनेता Venkatesh ने दिखाई हरी झंडी

मंदिर ट्रस्ट ने नहीं दी मंजूरी, Tamil Nadu सरकार ने दीपाथून में दीप प्रज्वलित न कर पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से मांगी माफी

Keshav Prasad Maurya का SP-Congress पर वार, बोले- UP में तीसरी बार बनेगी BJP सरकार

Indonesia: सोने की खदान में घुसा नदी का पानी, 29 खनिक फंसे