US Dollar में मजबूती से फिसला रुपया, 33 पैसे की गिरावट के साथ 94.04 पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

अमेरिकी मुद्रा में मजबूती के बीच रुपया बृहस्पतिवार को 33 पैसे टूटकर 94.04 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख वाले बयान और दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना से डॉलर मजबूत हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.73 प्रति डॉलर पर खुला।

कारोबार के दौरान यह 93.62 के उच्चस्तर तक गया और 94.06 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 33 पैसे की गिरावट के साथ 94.04 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। रुपया बुधवार को छह पैसे मजबूत होकर 93.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल ऊंचा रहने से रुपये पर दबाव बना रह सकता है। फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त रुख वाले बयानों के बीच ब्याज दरों में दो बार बढ़ोतरी की संभावना से भी रुपये पर दबाव है। उन्होंने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और विदेशी निवेश के प्रवाह से रुपये को निचले स्तर पर कुछ समर्थन मिल सकता है।

चौधरी ने कहा कि कारोबारियों की नजर अमेरिका में साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और भवन निर्माण की अनुमति से जुड़े आंकड़ों पर रहेगी। उनके अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर विनिमय दर 93.70 से 94.20 के दायरे में रह सकती है। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत बढ़कर 103.03 पर था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.55 प्रतिशत गिरकर 92.25 डॉलर प्रति बैरल पर था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 31.61 अंक बढ़कर 81,911.01 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 44.30 अंक की बढ़त के साथ 25,299.35 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 12,563.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

प्रमुख खबरें

महंगाई ने दिया बड़ा झटका! अक्टूबर में 6.09% पर पहुंची दर, 2 साल के High पर रिटेल इंफ्लेशन

Maharajganj: फर्जी पहचान पत्र बनवाकर रह रही Indonesian महिला Sonauli सीमा पर पकड़ी गई

PM की कुर्सी खिसकते ही नेतन्याहू ने नई जंग छेड़ दी, गाजा के अस्पताल में दागी बड़ी मिसाइलें

Mumbai Local Train में दिल दहला देने वाली वारदात: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को ट्रैक पर धकेला, गंवाना पड़ा बायां हाथ, आरोपी गिरफ्तार