विदेशी बाजारों में Dollar मजबूत होने से भारतीय मुद्रा 8 पैसे फिसली, 94.84 पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026

मुंबई, दो नवंबर विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर में मजबूती के बीच रुपया सोमवार को आठ पैसे टूटकर 94.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में डॉलर के मुकाबले तेज सुधार के बाद रुपये में निकट अवधि में स्थिरता के संकेत दिख रहे हैं। हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने रुपये की गिरावट को सीमित किया।

रुपया शुक्रवार को 50 पैसे मजबूत होकर 94.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘एशियाई मुद्राओं में कमजोरी और वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता के कारण डॉलर की मांग प्रभावित हो रही है, जिससे रुपये की तेजी अभी कमजोर पड़ सकती है।’’ उन्होंने कहा कि आगे रुपये की चाल कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेशकों के निवेश प्रवाह में निरंतरता, एशियाई मुद्राओं की चाल और वैश्विक स्तर पर निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता पर निर्भर करेगी। गर्ग के अनुसार, निकट अवधि में रुपये के लिए 94.70 से 95.30 प्रति डॉलर का दायरा महत्वपूर्ण रहेगा।

यदि डॉलर के मुकाबले रुपया 95.30 के स्तर से ऊपर जाता है, तो उस पर फिर से दबाव बढ़ सकता है। वहीं, 94.70 से नीचे टिकने पर रुपये में सुधार मजबूत हो सकता है। उन्होंने कहा कि रुपये को फिलहाल कुछ राहत मिली है, लेकिन इसमें टिकाऊ सुधार के लिए विदेशी पूंजी का लगातार प्रवाह, वैश्विक निवेश धारणा में सुधार और ऊर्जा कीमतों में नरमी जारी रहना जरूरी है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत टूटकर 101.61 पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.48 प्रतिशत गिरकर 109.95 डॉलर प्रति बैरल पर था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,233.25 अंक चढ़कर 75,692.78 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 387.70 अंक की बढ़त के साथ 23,440.80 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 3,114.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.26 अरब डॉलर घटकर 719.74 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 5.01 अरब डॉलर घटकर 721.01 अरब डॉलर रहा था।

प्रमुख खबरें

Derek O Brien का तंज, INDIA Rally के बाद BJP नेतृत्व सड़कों पर कर रहा नकल

वाणिज्य मंत्रालय का Scotch Whisky आयात पर शुल्क रियायतें बनाए रखने का भरोसा

Asian Champions Trophy: भारत ने South Korea को 8-0 से हराया, सेमीफाइनल में फिर होगी भिड़ंत

Maharashtra FDA Action: नियमों के उल्लंघन पर 19 खाद्य इकाइयों के लाइसेंस रद्द, नौ करोड़ का माल जब्त