Olympic Tokyo 2020: भारतीय निशानेबाजों ने दूसरे दिन भी किया निराश, राइफल में स्कोर चिंताजनक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 25, 2021

तोक्यो। पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे भारतीय निशानेबाजों ने तोक्यो ओलंपिक में लगातार दूसरे दिन निराशाजनक प्रदर्शन किया तथा जहां मनु भाकर को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण बाहर का रास्ता देखना पड़ा वहीं राइफल निशानेबाज कहीं मुकाबले में भी नहीं दिखे। दुनिया की दूसरे नंबर की निशानेबाज 19 वर्ष की मनु ने शुरूआत अच्छी की और लग रहा था कि वह शीर्ष आठ में जगह बना लेंगी लेकिन उनकी पिस्टल में तकनीकी खराबी आने का उनके प्रदर्शन पर असर पड़ा और आखिर में वह 12वें स्थान पर रही।

इसे भी पढ़ें: Olympic Tokyo 2020: मनिका बत्रा की शानदार वापसी, मारग्रेट को हराकर अगले दौर में पहुंची

निशानेबाजों के पहले दो दिन के प्रदर्शन से निश्चित तौर पर कई सवाल खड़े हो गये। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने निशानेबाजों की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी थी लेकिन अभी तक भारतीयों का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। पिस्टल निशानेबाज सौरभ चौधरी और मनु ने जज्बा दिखाया लेकिन एनआरएआई अपने राइफल निशानेबाजों दीपक, दिव्यांश, अपूर्वी चंदेला और इलावेनिल वालारिवान के स्कोर से चिंतित है। भारत का रियो ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था जहां निशानेबाज एक भी पदक नहीं जीत पाये थे। इसके बाद अभिनव बिंद्रा की अगुवाई में एक पैनल ने सुधार के लिये सिफारिशें की थी जिसका असर विश्व कप, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के रूप में देखने को मिला। लेकिन जापान की राजधानी में अभी तक रियो की कहानी ही दोहरायी गयी है। दो दिन के बाद भी भारतीय निशानेबाजों के नाम पर कोई पदक नहीं है। राष्ट्रमंडल खेल और युवा ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता 19 वर्षीय मनु ने पांचवीं सीरिज में 98 स्कोर करके वापसी की कोशिश की लेकिन आखिरी सीरिज में शुरू में दो 10 के बाद 8 और तीन 9 स्कोर से वह पीछे रह गई। उनका स्कोर 575 रहा जबकि फ्रांस की सेलाइन गोबरविले उनसे दो अंक आगे रहकर आठवां और आखिरी क्वालीफिकेशन स्थान हासिल करने में कामयाब रही। पिस्टल में खराबी आने से उनके पांच मिनट भी खराब हुए। वह वापसी करने के बाद 95 का स्कोर ही कर सकी।

वहीं नंबर एक निशानेबाज यशस्विनी खराब शुरूआत के बाद दूसरी सीरिज में 98 स्कोर के साथ लौटी थी जिसमें पांच बार उन्होंने 10 स्कोर किया। उनका कुल स्कोर 94, 98, 94, 97, 96, 95 की सीरिज के बाद 574 रहा। रूसी ओलंपिक समिति की वितालिना बी ने फाइनल में 240 . 3 के ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। बुल्गारिया की एंटोआनेटा के दूसरे और चीन की रैनशिन जियांग तीसरे स्थान पर रही। दीपक और दिव्यांश दोनों की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दीपक ने पहली सीरिज में 102.9 अंक तथा दिव्यांश ने 102.7 अंक बनाये जिसके बाद उनके लिये वापसी करना आसान नहीं था। दोनों भारतीय निशानेबाज असल में किसी भी समय फाइनल्स में जगह बनाने की स्थिति में नहीं दिखे। उनके स्कोर 9.7 से 9.9 के बीच रहे जिससे उनके क्वालीफाई करने की उम्मीदों पर पानी फिरा। इस स्पर्धा में कुल 47 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था।

दीपक ने चौथी और छठी सीरिज में 105.2 और 105.3 का स्कोर बनाया लेकिन उन्हें शुरू में इस तरह के प्रदर्शन की जरूरत थी। भारतीय वायुसेना में कार्यरत दीपक एक समय अंतिम चार स्थानों पर थे लेकिन इन स्कोर से वह अपनी स्थिति में मामूली सुधार ही कर पाये। दिव्यांश का सर्वश्रेष्ठ स्कोर तो 104.6 रहा जो उन्होंने चौथी और पांचवीं सीरिज में बनाया। अमेरिका के विलियम शैनर ने 251.6 अंक के खेलों के नये रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि चीन के लिहाओ शेंग ने रजत और हारोन यांग ने कांस्य पदक जीता।

प्रमुख खबरें

World Cup से बाहर होकर छलका Bruno Fernandes का दर्द, बोले- बेहद दुखी, निराश और हताश हूं

World Cup Quarter Final से पहले England को तगड़ा झटका, दो मैच विनर खिलाड़ियों का खेलना मुश्किल!

डील कराने वाले कतर ने ही कर दी गद्दारी, ईरान ने फिर घुसकर मचाई तबाही

Smriti Mandhana ने रचा इतिहास, Lords में 300वां इंटरनेशनल मैच खेल सबसे युवा भारतीय महिला बनीं